New Delhi
नई दिल्ली (25जून 2026)देश में जन स्वास्थ्य सुरक्षा को मजबूत करने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फैल रही बीमारियों की निगरानी के लिए नागरिक उड्डयन मंत्रालय और दिल्ली अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड (DIAL) ने आज ‘एयर सुविधा 2.0’ पोर्टल का शुभारंभ किया। यह एक उन्नत और संपर्क रहित यात्री स्वास्थ्य स्व-घोषणा पोर्टल है, जिसे विशेष रूप से अफ्रीका में फैले इबोला वायरस के प्रकोप को देखते हुए लागू किया गया है।
WHO (विश्व स्वास्थ्य संगठन) ने कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य (DRC) और युगांडा में ‘बुंडीबुग्यो’ इबोला वायरस के प्रकोप को ‘अंतर्राष्ट्रीय चिंता का सार्वजनिक स्वास्थ्य आपातकाल’ (PHEIC) घोषित करने के बाद यह कदम उठाया गया है।स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय (DGHS) के सहयोग से बने इस पोर्टल पर अब भारत आने वाले सभी अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को आव्रजन (Immigration) मंजूरी से पहले अनिवार्य ऑनलाइन स्वास्थ्य स्व-घोषणा पत्र (SDF) जमा करना होगा।
इस डिजिटल फॉर्म में यात्रियों को अपना 21 दिनों का यात्रा इतिहास, संपर्क इतिहास और बीमारी के लक्षणों की जानकारी देनी होगी। यह डेटा वास्तविक समय (Real-time) में हवाई अड्डा स्वास्थ्य अधिकारियों और राज्य निगरानी टीमों के साथ साझा किया जाएगा, जिससे जोखिम वाले यात्रियों की तुरंत पहचान हो सकेगी।
यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण दिशानिर्देश जिनमें यात्री भारत पहुंचने से 24 घंटे पहले तक इस फॉर्म को ऑनलाइन भर सकते हैं। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे उड़ान में चढ़ने से पहले या वेब चेक-इन के दौरान ही इसे पूरा कर लें, ताकि हवाई अड्डे पर उतरने के बाद किसी भौतिक (Physical) फॉर्म को भरने की जरूरत न पड़े और आव्रजन प्रक्रिया संपर्क रहित व त्वरित हो सके। आगमन पर यात्रियों को केवल डाउनलोड किया गया SDF दिखाना होगा। अधिकारियों ने जन स्वास्थ्य और सुरक्षा के हित में सभी यात्रियों से बिल्कुल सटीक जानकारी भरने की अपील की है।