कांवड़ मार्गों का किया सरप्राइज़ विज़िट
Ghaziabad
गाजियाबाद(25 जुलाई 2026) गाजियाबाद जिला प्रशासन आगामी कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सकुशल संपन्न कराने के लिए पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। ज़िलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने कांवड़ कंट्रोल रूम और प्रमुख कांवड़ मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया।
उन्होंने मेरठ तिराहा पर कांवड़ कंट्रोल रूम का जायजा लेने के बाद कादराबाद क्षेत्र, गंग नहर और पाइपलाइन मार्ग का विस्तृत निरीक्षण किया और तैयारियों की समीक्षा की।
इन तैयारियों को लेकर उन्होंने सख्त निर्देश दिए जिनमें, पीडब्ल्यूडी, नगर निगम व संबंधित विभाग क्षतिग्रस्त सड़कों को 28 जुलाई से पहले हर हाल में दुरुस्त करें, बिजली के खंभों की कवरिंग पूरी की जाए और जर्जर या झुकी हुई तारों को तत्काल ठीक कर सुरक्षित बनाया जाए, वन विभाग मार्ग किनारे उगी झाड़ियों और अवरोधों को तुरंत हटाए ताकि श्रद्धालुओं के आवागमन में बाधा न आए, 28 जुलाई तक सभी मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश और आवश्यकतानुसार अतिरिक्त लाइट बिंदु चालू किए जाएं।
“माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशानुसार कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और सुव्यवस्थित कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी ” रविन्द्र कुमार मॉंदड़, जिलाधिकारी (गाजियाबाद)
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी (CDO) कुमार सौरभ, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), अपर जिलाधिकारी (नगर), अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) समेत विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे ।