Greno
ग्रेटर नोएडा (31 जुलाई 2026) वर्षों तक अपनी निष्ठावान सेवाओं से ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में अमिट छाप छोड़ने वाले प्रबंधक (उद्योग) अरविंद मोहन सिंह और उप निदेशक (उद्यान) नथोली सिंह शुक्रवार को सेवानिवृत्त हो गए। प्राधिकरण कार्यालय में आयोजित एक विशेष और भावुक विदाई समारोह में दोनों अधिकारियों को ससम्मान विदाई दी गई।
कार्यक्रम के दौरान एसीईओ सौम्य श्रीवास्तव, एसीईओ प्रेरणा सिंह और एसीईओ सुमित यादव ने दोनों अधिकारियों को शॉल और स्मृति चिह्न भेंट कर उनके योगदान की भूरि-भूरि प्रशंसा की। इस दौरान सहकर्मियों की आँखें नम हो गईं और पूरा माहौल स्मृतियों के ताने-बाने में बंधा नजर आया।
इस गरिमामयी अवसर पर ओएसडी अभिषेक पाठक, महाप्रबंधक (वित्त) स्वतंत्र कुमार गुप्ता, ग्रेटर नोएडा एम्पलाइज एसोसिएशन के अध्यक्ष सोनू भड़ाना, ओएसडी अर्चना द्विवेदी सहित दोनों अधिकारियों के परिजन और प्राधिकरण का स्टाफ मौजूद रहा। सभी ने उनके भावी जीवन के लिए उत्तम स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि की मंगलकामना की।