New Delhi
नई दिल्ली (3 नवंबर2026) भारतीय नौसेना ने हिंद महासागर क्षेत्र में 48 घंटे से अधिक समय तक चले एक सटीक और रणनीतिक अभियान के तहत मछली पकड़ने वाले अपहृत जहाज ‘अजिनी’ को सशस्त्र समुद्री लुटेरों के चंगुल से सफलतापूर्वक मुक्त करा लिया है। इस साहसिक कार्रवाई में चालक दल के सभी 20 सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया गया और किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
सोमालिया के उत्तर-पूर्वी तट के पास अपहृत इस जहाज का इस्तेमाल समुद्री डाकू अन्य व्यापारिक जहाजों पर हमले के लिए ‘मदर शिप’ के तौर पर करने की फिराक में थे, जिससे अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों की सुरक्षा को गंभीर खतरा पैदा हो गया था। खतरे की गंभीरता को देखते हुए भारतीय नौसेना ने तत्काल एक युद्धपोत और समुद्री निगरानी विमान को तैनात किया।
लगातार निगरानी और गैर-घातक सामरिक घेराबंदी के बाद नौसैनिक दल ने जहाज को अपने नियंत्रण में लेकर लुटेरों के खतरे को पूरी तरह निष्प्रभावी कर दिया। यह सफल ऑपरेशन हिंद महासागर में ‘फर्स्ट रिस्पॉन्डर’ (प्रथम प्रतिक्रियाकर्ता) के रूप में भारतीय नौसेना की रणनीतिक तत्परता, व्यापारिक मार्गों की सुरक्षा और वैश्विक समुद्री स्थिरता के प्रति उसकी अटूट प्रतिबद्धता को सिद्ध करता है।