वैश्विक मंच पर चमकेगी पूर्वोत्तर की सांस्कृतिक और प्राकृतिक विरासत
New Delhi
नई दिल्ली(29 अक्तूबर 2026) पूर्वोत्तर भारत के अप्रतिम सौंदर्य, समृद्ध संस्कृति और रोमांचक पर्यटन को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए अरुणाचल प्रदेश के ऐतिहासिक शहर तवांग में 14वें ‘अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मार्ट’ (ITM) की शुरुआत हो गई है। केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय, अरुणाचल प्रदेश सरकार और पूर्वोत्तर के अन्य राज्यों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह तीन दिवसीय प्रतिष्ठित आयोजन 29 से 31 अक्टूबर, 2026 तक होटल विवांता में चलेगा।
भव्य उद्घाटन
मार्ट के उद्घाटन समारोह में केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, केंद्रीय पर्यटन एवं पेट्रोलियम राज्य मंत्री सुरेश गोपी और अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू मुख्य रूप से उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर पूर्वोत्तर के हस्तशिल्प और पारंपरिक उत्पादों को प्रदर्शित करने वाले ‘नॉर्थ ईस्ट बाजार’ का उद्घाटन किया जाएगा, साथ ही क्षेत्र की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र बनेंगी।
22 देशों के प्रतिनिधि करेंगे प्रतिभाग
वैश्विक पर्यटन पटल पर पूर्वोत्तर को स्थापित करने के उद्देश्य से आयोजित इस सम्मेलन में देश-विदेश के 200 से अधिक टूर ऑपरेटर, उद्यमी और हितधारक जुट रहे हैं। इस वर्ष अमेरिका, ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया, फ्रांस, जर्मनी, जापान, रूस, दक्षिण कोरिया और यूएई सहित 22 देशों के 43 अंतरराष्ट्रीय खरीदार हिस्सा ले रहे हैं। घरेलू और विदेशी प्रतिनिधियों का यह समागम नए व्यापारिक गठबंधनों और निवेश के अवसरों को गति देगा।
राज्यों की संयुक्त ताकत
मार्ट के दौरान पूर्वोत्तर के सभी आठ राज्यों अरुणाचल प्रदेश, असम, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नगालैंड, सिक्किम और त्रिपुरा के अनूठे पर्यटन स्थलों, एडवेंचर टूरिज्म और संयुक्त पर्यटन सर्किटों पर विशेष प्रस्तुतियां दी जाएंगी। यह पहल न केवल पूर्वोत्तर के इको-टूरिज्म और सांस्कृतिक धरोहरों को वैश्विक पर्यटकों तक पहुंचाएगी, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था और रोजगार को भी नया संबल प्रदान करेगी।