Ghaziabad
गाजियाबाद(6 जून 2026) नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृत्व में निगम के सभी प्रमुख विभागों में ‘ई-ऑफिस’ (e-Office) व्यवस्था की शुरुआत की गई है, इस तरह गाजियाबाद नगर निगम अब पूरी तरह डिजिटल और हाईटेक होने की राह पर है। अब निर्माण, स्वास्थ्य, जलकल, प्रकाश और उद्यान जैसे महत्वपूर्ण विभागों की फाइलें डिजिटल माध्यम से ही आगे बढ़ाई जा रही हैं और फाइनल अप्रूवल भी ऑनलाइन ही हो रहा है।
नगर आयुक्त ने बताया कि निगम में प्रतिदिन विभिन्न विभागों से 200 से अधिक फाइलों का मूवमेंट होता है। पहले लिपिक से लेकर अधिकारी, अपर नगर आयुक्त, नगर आयुक्त और महापौर कार्यालय तक फाइलें पहुंचने में काफी समय लगता था। कागजी फाइलों के गुम होने और उनके रखरखाव में आने वाली दिक्कतों का समाधान अब ई-ऑफिस से हो गया है। इस नई व्यवस्था से न केवल समय की बचत हो रही है, बल्कि ‘वर्क फ्रॉम एनीवेयर’ (कहीं से भी काम करने) को भी बढ़ावा मिला है।
फाइलों के खोने का डर हमेशा के लिए खत्म हो गया है और कार्यों में पूरी पारदर्शिता आई है।
सभी विभागों को अच्छी क्वालिटी के कंप्यूटर और स्कैनर उपलब्ध कराए गए हैं, साथ ही कर्मचारियों व कंप्यूटर ऑपरेटरों को विशेष प्रशिक्षण भी दिया गया है।
मुख्यालय में सफलता के बाद अब गाजियाबाद नगर निगम के सभी जोनल कार्यालयों में भी जल्द ही ई-ऑफिस व्यवस्था लागू करने की योजना है।
इस डिजिटल व्यवस्था से वर्षों पुरानी पत्रावलियों (फाइलों) को भी एक क्लिक में आसानी से खोजा जा सकेगा, जिससे शहर के विकास कार्यों को और रफ्तार मिलेगी।
नगर आयुक्त के अनुसार, शहर और निगम के हित में ई-ऑफिस बेहद लाभदायक साबित हो रहा है और आने वाले दिनों में इसकी रफ्तार को और अधिक बढ़ाने की तैयारी है।