Breaking News

massive fire चार मंजिला इमारत के फ्लैट में भीषण आग, सूझबूझ से बचाई चार लोगों की जान

Ghaziabad गाजियाबाद (2जून 2026) अवंतिका फेज-2  के ‘एसके होम’ नामक चार मंजिला इमारत के एक फ्लैट में शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गई। इस हादसे में दमकल विभाग की मुस्तैदी और सूझबूझ से परिवार के चार सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया गया, लेकिन धुएं से दम घुटने के कारण तीन पालतू कुत्तों की दर्दनाक मौत हो गई।

इस हादसे की जानकारी देते हुए मुख्य अग्निशमन अधिकारी  राहुल पाल ने बताया कि घंटाघर कोतवाली फायर स्टेशन को अवंतिका कॉलोनी के फ्लैट नंबर 202 (तृतीय तल) में आग लगने और उसमें लोगों के फंसे होने की सूचना मिली थी। दमकल कर्मियों ने घटनास्थल पर पहुंचते ही देखा कि फ्लैट मालिक पवन शर्मा (52), उनकी पत्नी (46), बेटा (20) और बेटी (18) फ्लैट के अंदर से उठ रहे भीषण धुएं के बीच रोड-साइड बालकनी में फंसे हुए थे।

फायर ब्रिगेड की टीम ने रास्ते में ही पीड़ित परिवार को फोन कर बालकनी में सुरक्षित रहने के निर्देश दिए और मौके पर पहुँचकर टीम ने एक्सटेंशन लैडर (सीढ़ी) लगाकर चारों व्यक्तियों को सुरक्षित नीचे उतारा। इसके बाद मुख्य दरवाजा तोड़कर करीब दो फायर टेंडर्स की मदद से आग पर पूरी तरह काबू पाया गया।

शुरुआती जांच के अनुसार, आग ड्राइंग रूम में हुए इलेक्ट्रिक शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी थी, जिसने देखते ही देखते किचन, स्टोर रूम और बेडरूम को अपनी चपेट में ले लिया। मुख्य दरवाजे के पास आग होने के कारण परिवार बाहर नहीं निकल सका था। इस बचाव कार्य में स्थानीय पुलिस ने भी सहयोग किया। हादसे में परिवार के सभी सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं।

About The Author

Related posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *