आषाढ़ के तीसरे मंगलवार पर हुआ
Ghaziabad
गाजियाबाद (21 जुलाई 2026) गुलमोहर एन्क्लेव सोसायटी राकेश मार्ग पर श्री शिव बालाजी धाम मंदिर में आषाढ़ मास के तीसरे मंगलवार के पावन अवसर पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। सायंकाल मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया और पूरे विधि-विधान के साथ संकटमोचन भगवान हनुमान जी को चोला अर्पण कर परिवार, समाज एवं राष्ट्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
मंदिर के पुजारी पंडित राजीव मिश्रा ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना एवं चोला अर्पण की रस्म संपन्न कराई। हनुमान जी की महिमा पर प्रकाश डालते हुए पंडित जी ने कहा कि “हनुमान जी भगवान श्रीराम के अनन्य भक्त, अष्ट सिद्धि और नव निधि के दाता हैं। कलयुग में वे शीघ्र प्रसन्न होने वाले देवता हैं। श्रद्धा और विश्वास के साथ हनुमान चालीसा का पाठ करने से भय, संकट, रोग और नकारात्मकता का नाश होता है तथा जीवन में साहस, आत्मबल और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।”
विशेष पूजा-अर्चना के बाद सभी श्रद्धालुओं ने एक स्वर में आरती उतारी और प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर “जय श्री राम” और “जय बजरंगबली” के गगनभेदी जयकारों से गूंज उठा।
इस धार्मिक आयोजन में दिनेश सिंह, रामोतार वैश्य, प्रखर सक्सेना, गौरव बंसल, विशाल विग, काजल चक्रवर्ती, सतीश गुप्ता, अरविंद सिंघल सहित सोसायटी के दर्जनों गणमान्य श्रद्धालु उपस्थित थे। सभी ने मिलकर क्षेत्र में सुख-शांति, समृद्धि एवं जन-कल्याण की मंगलकामना की।