Breaking News

kanwar yatra कांवड़ यात्रा से पहले प्रशासन सख्त, दूषित चाप निर्माण इकाइयां सील

 देहरादून में नकली दवा फैक्टरी का भंडाफोड़

Ghaziabad गाजियाबाद (31 जुलाई 2026)  कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जनपद में ताबड़तोड़ छापेमारी अभियान शुरू कर दिया है।

शालीमार गार्डन में “घनश्याम चाप” निर्माण के दौरान अशुद्ध (सफाई में लापरवाही ) पाए जाने पर 200 किलोग्राम सोया चाप नष्ट कराई गई और पंजीकरण निलंबन की संस्तुति की गई। वहीं, लोनी के आर्यनगर में बिना वैध लाइसेंस चल रही चाप निर्माण इकाई का संचालन तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया है। दोनों जगहों से नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं, वहीं दूसरी ओर उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की संयुक्त टीम के चलाए गए एक संयुक्त अभियान के तहत देहरादून में अवैध नकली दवा निर्माण इकाई का भंडाफोड़ किया गया जहां भारी मात्रा में नकली दवाएं, पैकिंग सामग्री और मशीनरी बरामद करते हुए आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तारी की गई है।

जिलाधिकारी ने कांवड़ मार्गों, शिविरों, ढाबों और भोजनालयों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि जनस्वास्थ्य और श्रद्धालुओं की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा तथा मिलावटखोरों पर कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

जिलाधिकारी ने जनपदवासियों और मीडिया कर्मियों से अपील की है कि मिलावटखोरी, नकली खाद्य पदार्थों या नकली दवाओं के निर्माण-विक्रय से जुड़ी कोई भी सूचना मिलने पर तुरंत प्रशासन को अवगत कराएं, ताकि समय रहते बड़ी जनहानि या स्वास्थ्य जोखिम को रोका जा सके।

About The Author

Related posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *