आदित्य वर्ल्ड सिटी और शाहपुर बम्हैटा में अवैध निर्माण ध्वस्त
Ghaziabad
गाजियाबाद(25 जुलाई 2026) अवैध निर्माणों व अवैध कॉलोनियों के खिलाफ गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष के निर्देशों के अनुपालन में चलाए जा रहे अभियान के तहत जोन-5 की प्रवर्तन टीम ने बड़ी ध्वस्तीकरण कार्रवाई को अंजाम दिया।
प्रभारी प्रवर्तन (जोन-5) के नेतृत्व में पुलिस बल और प्रवर्तन दस्ते ने शाहपुर बम्हैटा और आदित्य वर्ल्ड सिटी के पास अवैध रूप से किए गए निर्माणों को बुलडोजर चलाकर पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।
आदित्य वर्ल्ड सिटी मार्ग पर गंदे नाले पर लगभग 5000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में बनाई गई बाउंड्रीवॉल के अंदर अवैध रूप से खड़े किए गए लोहे के पाइप, टीन शेड और कमरे को ध्वस्त किया गया। अर्बन होम के पीछे, लगभग 1000 वर्ग मीटर भूमि पर अवैध रूप से बनाए जा रहे चिकन पॉइंट, वेयरहाउस और खाली भूमि पर की जा रही चिनाई को बुलडोजर से ढहा दिया गया। भू-माफियाओं की अवैध कॉलोनी के लिए बनाई गई सड़कों, बाउंड्रीवॉल और साइट ऑफिस को भी पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।
ध्वस्तीकरण के दौरान स्थानीय निर्माणकर्ताओं और कॉलोनाइजरों ने भारी विरोध किया, लेकिन प्राधिकरण पुलिस बल ने मुस्तैदी दिखाते हुए स्थिति को नियंत्रित किया और कार्रवाई को सफलतापूर्वक पूरा कराया।
अधिकारियों की मौजूदगी और सख्त चेतावनी
इस कार्रवाई के दौरान सहायक अभियंता, अवर अभियंता, जोन-5 का समस्त स्टाफ, प्राधिकरण प्रवर्तन दस्ता एवं पुलिस बल मौजूद रहा। प्राधिकरण अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध प्लाटिंग और अवैध निर्माणों के खिलाफ सीलिंग व ध्वस्तीकरण का यह विशेष अभियान आगामी महीनों में भी इसी तरह जारी रहेगा।