‘सूर्यकिरण’ टीम ने हवाई करतबों से जीता दिल
Meerut
मेरठ (20 सितंबर 2026) पहली बार मेरठ के आसमान में हैरतअंगेज हवाई करतब दिखाकर भारतीय वायु सेना की विख्यात ‘सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम’ (एसकेएटी) ने 19 और 20 सितंबर को समां बांध दिया। दो दिवसीय इस भव्य एयर शो को देखने के लिए एक लाख से अधिक लोग उमड़े, जिनमें भारी संख्या में छात्र, एनसीसी कैडेट्स और एनएसएस स्वयंसेवक शामिल रहे। स्थानीय दर्शकों के लिए गर्व का पल तब और बढ़ गया जब उन्हें पता चला कि आसमान में अदम्य साहस का परिचय दे रहे दो पायलटों समेत टीम के तीन सदस्य मेरठ के ही रहने वाले हैं।
रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने 20 सितंबर को इस एयर शो का गवाह बनकर ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर टीम की जमकर तारीफ की। उन्होंने इसे अनुशासन, सटीकता, पेशेवर दक्षता और टीम भावना का अद्भुत संगम बताते हुए भारतीय वायु सेना की क्षमताओं का जीवंत प्रमाण करार दिया। उल्लेखनीय है कि अपने 30 वर्षों के गौरवमयी सफर में सूर्यकिरण टीम देश और विदेश में 800 से अधिक सफल हवाई प्रदर्शन कर चुकी है।