400 लाभार्थियों को मिलेगी 10 हजार की किट
Ghaziabad
गाजियाबाद(21 जुलाई 2026) विकास भवन में दुर्गावती देवी सभागार में जिला विकास अधिकारी (डीडीओ) प्रज्ञा श्रीवास्तव की अध्यक्षता में उद्यान विभाग की जिला स्तरीय समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इसमें मुख्यमंत्री राज्य औद्यानिक विकास योजना के तहत जिले के लिए निर्धारित लक्ष्यों के अनुमोदन एवं क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के कुछ प्रमुख बिंदु जिनमें, डीडीओ प्रज्ञा श्रीवास्तव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शाकभाजी उत्पादन, मसाला क्षेत्र विस्तार, मशीनीकरण (ट्रैक्टर व पावर ट्रिलर), पुष्प व फल क्षेत्र विस्तार, मचान, मल्चिंग, तारबंदी और मधुमक्खी पालन आदि के लक्ष्यों को समय पर पूरा किया जाए, योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक किसानों तक पहुँचाने के लिए विकास खंड स्तर और विकास भवन में NALM सेंटर में पम्पलेट वितरित करने के निर्देश दिए।
जिला उद्यान अधिकारी अनीता सिंह ने बताया कि जिले को इस वर्ष रूफ टॉप गार्डेनिंग के 400 लक्ष्य मिले हैं।
नगर निगम क्षेत्र के निवासियों को 10,000 मूल्य की किट उपलब्ध कराई जाएगी, जिसमें उन्नत बीज, खाद और आवश्यक यंत्र शामिल होंगे।
इस योजना के लिए कविनगर में मिनी सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में पौध तैयार कर लाभार्थियों को दी जाएगी।
लाभार्थी का आवास नगर निगम क्षेत्र में होना अनिवार्य है।
कम से कम 100 वर्ग फीट खुली छत की उपलब्धता का 10 रु. के स्टाम्प पेपर पर शपथ-पत्र और निवास से संबंधित दस्तावेज कार्यालय में जमा करने होंगे।
बैठक में जिला उद्यान अधिकारी अनीता सिंह, जिला कृषि अधिकारी अमित कुमार, लीड बैंक मैनेजर बुद्धराम और कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों सहित कई अन्य अधिकारी मौजूद थे।