‘क्रिस्टल मेथ’ के साथ एक हिरासत में
New Delhi
नई दिल्ली (10 अक्तूबर 2026) मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए गए डीआरआई (राजस्व आसूचना निदेशालय) की मंगलुरु क्षेत्रीय इकाई ने विशेष अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। 8–9 अक्टूबर को सूत्र की खुफ़िया सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अधिकारियों ने दिल्ली से बेंगलुरु जा रही ट्रेन में सवार एक व्यक्ति को धर दबोचा।
यात्री के ट्रॉली बैग की तलाशी के दौरान तीन पैकेट बरामद किए गए, जिनमें 5.753 किलोग्राम सफेद क्रिस्टलीय पदार्थ मिला। शुरुआती जांच में इसके अत्यधिक नशीले पदार्थ ‘मेथामफेटामाइन’ (क्रिस्टल मेथ या आइस) होने की पुष्टि हुई है।
डीआरआई ने एनडीपीएस (NDPS) अधिनियम, 1985 के तहत इस खेप को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जिसे अदालत ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
केंद्रीय तंत्रिका तंत्र को गंभीर नुकसान पहुंचाने वाले इस सिंथेटिक ड्रग की 50 ग्राम मात्रा को भी कानूनन ‘वाणिज्यिक मात्रा’ माना जाता है। जब्त की गई खेप तय सीमा से 115 गुना अधिक होने के चलते आरोपी को 10 से 20 वर्ष तक के कठोर कारावास और 1-2 लाख तक के जुर्माने का सामना करना पड़ सकता है। मामले में आगे की कार्यवाही जारी है।