स्वच्छता और रीसाइक्लिंग का केंद्र
New Delhi
नई दिल्ली (16 नवंबर 2026) वर्षों तक बदहाली और कचरा संग्रहण (ढलाव घर) का प्रतीक रहा दिल्ली विश्वविद्यालय के पटेल चेस्ट के पास स्थान अब पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास की नई मिसाल बन गया है। स्वच्छ भारत मिशन-शहरी 2.0 के तहत, इस उपेक्षित स्थान का कायाकल्प कर इसे एक आकर्षक आरआरआर (रिड्यूस, रीयूज, रीसाइकिल) केंद्र और सेल्फी पॉइंट के रूप में विकसित किया गया है।
दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के सिविल लाइंस क्षेत्र के सहयोग से डीएमएसडब्ल्यूएसएल की की गई यह पहल सिर्फ सौंदर्यीकरण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह ‘चक्रीय अर्थव्यवस्था’ (सर्कुलर इकोनॉमी) का एक जीवंत उदाहरण है। इसका मुख्य उद्देश्य यह संदेश देना है कि कचरा किसी वस्तु का अंत नहीं, बल्कि उसे उपयोगी संसाधन में बदलकर कुछ नया रचने की शुरुआत है।
सामुदायिक सहभागिता और रचनात्मक संचार के माध्यम से बदला गया यह पुराना ढलाव घर आज स्थानीय लोगों और छात्रों के बीच चर्चा का केंद्र बन गया है। यह केंद्र अब नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक होने और अनुपयोगी वस्तुओं को नया जीवन देने के लिए प्रेरित कर रहा है।