
आगरा के डौकी थाना क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई जब सुबह एक प्रेमी युगल का शव पेड़ से लटका मिला। दोनों के शव गांव के बाहर पेड़ से लटके मिले। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है और मामले की तफतीश में जुटी है।
प्रेमी-प्रेमिका एक ही गांव के रहने वाले थे। लड़के की उम्र 20 वर्ष जबकि लड़की की उम्र 17 वर्ष बताइ जा रही है जो कक्षा नौ की छात्रा थी। लड़का आगरा की एक फैक्ट्री में काम करता था। दोनों के बीच तीन साल से प्रेम संबंध थे और दोनों एक ही बिरादरी के थे।
प्रेमी युगल के परिजनों को इनके संबंधों की बात पता चल गई थी। मृतक युवक की मां ने बताया कि छह महीने पहले लड़की के भाई ने दोनों को पीटा था। परिजन दोनों के रिश्ते का विरोध कर रहे थे, लेकिन प्रेमी युगल छिप छिपकर मिलते रहते थे।
बताया जा रहा है कि शनिवार शाम से दोनों लापता थे। परिजन दोनों की तलाश कर रहे थे। इसी बीच रविवार सुबह ग्रामीणों ने गांव के बाहर शिव मंदिर के पास पेड़ से इनके शव लटके देखे। दोनों के गले में एक ही रस्सी का फंदा लगा हुआ था। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने शवों को नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा दिया।
पुलिस का कहना है कि मामला प्रेम प्रसंग का है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी। लड़का और लड़की के परिजन जो बयान दे रहे हैं, वो पुलिस के गले नहीं उतर रहे। परिजनों के मुताबिक वे शमसाबाद तक दोनों को ढूढ़ते रहे, लेकिन शव गांव के बाहर मिले। वहीं लड़की की मां को बोलने नहीं दिया रहा है। पुलिस परिजनों द्वारा दिए गए बयानों को देखते हुए हत्या की आशंका जता रही है।