Breaking News

DRI disclose डीआरआई ने किया अन्तर्राष्ट्रीय ड्रग तस्करी का पर्दाफ़ाश

भारी मात्रा में गांजा जब्त

New Delhi नई दिल्ली (19 अक्तूबर 2026) सीमा पार मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत डीआरआई (राजस्व आसूचना निदेशालय) को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। डीआरआई की संयुक्त टीम ने उत्तर प्रदेश में 17-18 अक्टूबर को खुफिया सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 591.3 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त किया है। यह मादक पदार्थ नेपाल से तस्करी कर लाए जा रहे एक संदिग्ध ट्रक में विशेष रूप से बनाए गए गुप्त कक्षों में छिपाकर रखा गया था।

खुफिया सूत्रों से सोनौली सीमा के रास्ते नेपाल से गांजे की बड़ी खेप उत्तर प्रदेश में प्रवेश करने की पुख्ता जानकारी मिली थी। इसके बाद डीआरआई गोरखपुर के अधिकारियों ने लखनऊ, पटना और वाराणसी की इकाइयों के साथ मिलकर एक बड़ा संयुक्त निगरानी अभियान शुरू किया। करीब चार घंटे की कड़ी निगरानी और पीछा करने के बाद संदिग्ध ट्रक को गोरखपुर और कुशीनगर के बीच मुख्य मार्ग पर सफलतापूर्वक रोक लिया गया।

सघन तलाशी के दौरान वाहन के भीतर मादक पदार्थ छिपाने के लिए तैयार किए गए दो गुप्त चैंबर बरामद हुए जिनमें से एक इंजन बोनट के ऊपर और दूसरा चालक की सीट के ठीक पीछे बनाया गया था। इन गुप्त ठिकानों से गांजे के कुल 81 पैकेट बरामद किए गए, जिनका कुल वजन 591.3 किलोग्राम आंका गया है। डीआरआई ने एनडीपीएस (NDPS) अधिनियम के तहत माल व वाहन को जब्त कर तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

About The Author

Related posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *