Breaking News

‘मैं यंग ऋतिक रोशन जैसा दिखता हूं’, कंगना रनौत के हमलों पर सौरव दास का जवाब

छात्रों का प्रदर्शन भले ही खत्म हो गया हो, लेकिन भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत और सीजेपी प्रवक्ता सौरव दास के बीच जुबानी जंग अभी भी जारी है। कंगना ने पहले जेन जी प्रदर्शनकारियों को जनरेशन गटर कहा था और उनके वीडियो को उल्टी लाने वाले बताया था।

अब सौरव ने पलटवार करते हुए कहा कि उनके दोस्तों का मानना है कि वह यंग ऋतिक रोशन जैसे दिखते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कंगना की बातें काफी हताशा भरी लग रही थीं और ऐसा नहीं लगता कि वह मानसिक रूप से स्थिर होकर बोल रही थीं।

यह भी पढ़ें: गटरछाप बरताव को नार्मलाइज करने के खिलाफ हूं, परिवार की जिम्मेदारी उठाने वाले जेन जी के साथ हूं: कंगना रनौत

मन में कोई निजी दुश्मनी नहीं: सौरव

‘द मोजो स्टोरी’ पर बरखा दत्त से बात करते हुए सौरव ने कहा कि अभिनेत्री के प्रति उनके मन में कोई निजी दुश्मनी नहीं है, लेकिन कंगना लगातार उन पर और जेन जी के लोगों पर निजी टिप्पणियां कर रही हैं। सौरव ने कहा, “देखिए, कंगना के खिलाफ मेरे मन में कुछ भी निजी नहीं है। वही ‘जेन जी’ और अब मेरे खिलाफ निजी टिप्पणियां कर रही हैं। जैसा कि मैंने आज अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर कहा था कि यो कंगना, थोड़ा शांत हो जाओ। चलो इस पर बैठकर बात करते हैं। बात इसी तरह होनी चाहिए।”

सीजेपी के प्रवक्ता ने आगे कहा कि बातचीत की कमी देश में एक बड़ी समस्या बन गई है। उन्होंने कहा, “इस देश में समस्या यह है कि लोग अब बात नहीं करते। सोच-विचार, चर्चा और बहस कम हो गई है। बोलते समय हमें अपनी सीमा में रहना चाहिए। मैं उनसे यही कहूंगा।”

दोस्तों ने कहा कि मैं यंग ऋतिक रोशन जैसा दिखता हूं: सौरव

कंगना की लगातार आलोचनाओं पर बात करते हुए सौरव ने कहा कि उनके दोस्तों ने भी सवाल उठाया था कि यह अभिनेत्री-नेता उन्हें क्यों निशाना बना रही हैं। उन्होंने कहा, “मेरे दोस्त मुझे मैसेज करके पूछ रहे थे कि वह तुम्हारी जान की दुश्मन क्यों बनी हुई है। उनमें से एक ने कहा कि मैं शायद यंग ऋतिक रोशन जैसा दिखता हूं। मेरे दोस्तों ने मुझे यही बताया। यह सुनकर मुझे भी हैरानी हुई। आखिर उनके जैसी इंसान मुझ जैसे व्यक्ति पर हमला क्यों करेगी।”

सौरव ने कंगना से अपने शब्दों को लेकर ज्यादा सावधान रहने की अपील की। उन्होंने कहा, “अपने शब्दों का ध्यान रखिए। आपकी बातें काफी हताश करने वाली लग रही हैं। ये किसी मानसिक रूप से स्थिर व्यक्ति की बातें नहीं लगतीं। देश की नई पीढ़ी के बारे में बोलने से पहले सोचिए, क्योंकि आखिरकार आप जनता की सेवा के लिए चुनी गई हैं। सरकार भी जनता के भरोसे चलती है और जनता का इस तरह अपमान नहीं किया जा सकता।”

जब उनसे पूछा गया कि क्या वह कंगना के साथ कॉफी पर मिलना चाहेंगे, तो उन्होंने कहा, “बिल्कुल। हमारे मन में किसी के लिए कोई दुश्मनी नहीं है, बीजेपी सांसदों के लिए भी नहीं।”

कैसे शुरू हुआ विवाद?

यह विवाद तब शुरू हुआ जब सौरव ने इंस्टाग्राम पर जेन जी प्रदर्शनकारियों को लेकर कंगना की टिप्पणियों की आलोचना की। दरअसल, कंगना ने प्रदर्शन से जुड़े वीडियो शेयर करते हुए लिखा था, “मैंने अपनी जिंदगी में कभी इतनी बदसूरती एक साथ नहीं देखी। जेन जी के प्रदर्शन के ये वीडियो देखकर उल्टी आने जैसा महसूस होता है। जिस तरह ये लोग बात करते हैं और जैसी भाषा इस्तेमाल करते हैं, वह बेहद घटिया है। हर फ्रेम में सब कुछ भद्दा और असभ्य दिखता है। आखिर इन्हें जन्म कौन दे रहा है और पाल कौन रहा है?”

अभिनेत्री ने आगे लिखा था, “तुम खुद को कॉकरोच कहते हो और वैसे ही दिखते और व्यवहार भी वैसा ही करते हो। इसमें कोई विरोधाभास नहीं है। तुम सिर्फ दुनिया में गंदगी और बदसूरती फैला रहे हो। ये वीडियो देखकर मैं परेशान हो गई हूं। अब मुझे डिजिटल डिटॉक्स की जरूरत है।” कंगना की इन टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए सौरव ने एएनआई से बात करते हुए कहा था, “उनकी अपनी पार्टी के लोग भी कंगना रनौत की बातों को ज्यादा गंभीरता से नहीं लेते, तो हम क्यों लें। मुझे नहीं लगता कि जेन जी, जेन ऐल्फा या नई पीढ़ी का कोई भी व्यक्ति उन्हें गंभीरता से लेता है।” इस पूरी खबर को विस्तार से पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

About The Author

Related posts