Breaking News

पात्र लोगों तक संचालित योजनाओं का लाभ पहुंचाना सभी की नैतिक जिम्मेदारी: जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़

गाजियाबाद |

जिलाधिकारी श्री रविन्द्र कुमार माँदड़ ने कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित जनता दर्शन के दौरान आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई के दौरान राजस्व, विद्युत, स्वास्थ्य, निर्माण सहित विभिन्न विभागों से संबंधित प्रार्थना पत्र एवं शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष और प्रभावी समाधान करने के निर्देश दिए। विशेष रूप से भूमि विवादों के मामलों में राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता

जिलाधिकारी ने कहा कि गरीब, बेसहारा, असहाय, पीड़ित एवं दिव्यांगजनों तक सरकार द्वारा संचालित सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना सभी अधिकारियों की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र व्यक्तियों की पहचान कर उनसे आवेदन करवाया जाए और योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ सुनिश्चित किया जाए।

पीएम सूर्य घर योजना के व्यापक प्रचार के निर्देश

जिलाधिकारी ने यूपीनेडा सहित संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पीएम सूर्य घर योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि अधिक से अधिक परिवार इस योजना से जुड़ सकें। उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा सब्सिडी का लाभ भी प्राप्त होगा।

आरटीई दाखिलों में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त

शिक्षा विभाग को निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि आरटीई (Right to Education) के तहत प्रवेश प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनदेखी स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि पात्र आवेदकों को शत-प्रतिशत लाभ दिलाना सभी की जिम्मेदारी है और कोई भी पात्र लाभार्थी वंचित नहीं रहना चाहिए।

अवैध कब्जों के खिलाफ चलेगा विशेष अभियान

जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से भूमि पर अवैध कब्जों की लगातार मिल रही शिकायतों के मद्देनजर जिलाधिकारी ने बताया कि कमिश्नर एवं जिलाधिकारी के निर्देश पर संयुक्त टीम गठित की गई है। यह टीम भूमाफियाओं एवं अवैध कब्जाधारियों के विरुद्ध अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई करेगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यह अभियान युद्ध स्तर पर संचालित किया जाए तथा किसी भी आम नागरिक को अनावश्यक असुविधा न हो। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ऐसा कोई भी कार्य स्वीकार नहीं किया जाएगा जिससे सरकार की छवि धूमिल हो। अवैध कब्जाधारियों के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा जनता का किसी भी प्रकार का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

अधिकारी रहे उपस्थित

जनता दर्शन के दौरान एडीएम (एल/ए), सिटी मजिस्ट्रेट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author

Related posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *