albatross भारतीय नौसेना के ‘अल्बाट्रॉस’ स्क्वाड्रन की स्वर्ण जयंती

आसमान से समंदर की रखवाली के 50 साल

New Delhi नई दिल्ली (18 नवंबर 2026)  भारतीय नौसेना  अपने लंबी दूरी के समुद्री टोही (LRMR) अभियानों के गौरवशाली 50 वर्ष पूरे होने का जश्न मना रही है। यह ऐतिहासिक स्वर्ण जयंती भारतीय नौसेना वायु स्क्वाड्रन (आईएनएएस) 312   जिसे लोकप्रिय रूप से‘अल्बाट्रॉस’ कहा जाता है   की स्थापना के पांच दशक पूरे होने के उपलक्ष्य में मनाई जा रही है। यह अवसर हिंद महासागर में भारत की समुद्री सुरक्षा, अटूट सतर्कता और हवाई निगरानी की अद्वितीय क्षमता का प्रतीक है।

1971 के युद्ध की प्रेरणा ‘अल्बाट्रॉस’ का उदय
साल 1971 के भारत-पाक युद्ध के बाद नौसेना को कई ऐसे तट-आधारित समुद्री गश्ती विमानों की सख्त आवश्यकता महसूस हुई, जो युद्धपोतों और हेलीकॉप्टरों के साथ बेहतर तालमेल बिठाकर गहरे समंदर की निगरानी कर सकें। इसी रणनीतिक जरूरत को पूरा करने के लिए 18 नवंबर 1976 को गोवा में आईएनएस हंसा  में आईएनएएस 312 की नींव रखी गई। इसकी शुरुआत भारतीय वायु सेना से मिले पांच ‘लॉकहीड सुपर कॉन्स्टेलेशन’ विमानों के साथ हुई थी।

1977: इल्युशिन Il-38 विमानों के शामिल होने से पनडुब्बी रोधी युद्ध और टोही क्षमताओं को मजबूती मिली।
1988:आईएनएएस 312 में टुपोलेव टीयू-142एम (Tu-142M) विमानों की एंट्री ने हिंद महासागर क्षेत्र में भारत की गश्त के दायरे को अभूतपूर्व रूप से बढ़ाया।
2013: अरक्कोनम के आईएनएस राजाली में अत्याधुनिक बोइंग पी-8I (P-8I) विमानों का शामिल होना एक क्रांतिकारी मील का पत्थर साबित हुआ। इससे खुफिया जानकारी जुटाने, निगरानी एवं टोही (ISR), पनडुब्बी रोधी युद्ध और समुद्री हमले की ताकत कई गुना बढ़ गई।

प्रमुख ऑपरेशन्स जिनमें ‘नौसेना के टोही विमानों ने देश के कई निर्णायक सैन्य और मानवीय अभियानों में अग्रणी भूमिका निभाई है। इनमें  ऑपरेशन कैक्टस, ऑपरेशन विजय, ऑपरेशन पराक्रम और ऑपरेशन सिंदूर  जैसे महत्वपूर्ण सैन्य अभियानों के साथ-साथ समुद्री डकैती विरोधी अभियान (Anti-Piracy) और खोज एवं बचाव (SAR) मिशन प्रमुख हैं। वर्तमान में आईएनएस राजाली (अरक्कोनम) का आईएनएएस 312 और आईएनएस हंसा (गोवा) का आईएनएएस 316 अपने पी-8I बेड़े के साथ हिंद महासागर व उससे आगे के क्षेत्रों में चौबीसों घंटे भारत के समुद्री हितों की रक्षा कर रहे हैं।

यह स्वर्ण जयंती उन सभी पीढ़ियों के नौसैनिक विमान चालकों, मिशन क्रू, तकनीकी रखरखाव कर्मियों और सहयोगी स्टाफ के अदम्य समर्पण और पेशेवर दक्षता को समर्पित है, जिन्होंने पिछले 50 वर्षों में अपनी मेहनत से समंदर के ऊपर भारत की इस अजेय ‘तीसरी आंख’ का निर्माण किया और इसे सदैव सतर्क रखा।

About The Author

Related posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *