Breaking News

Assam Board Duplicate Documents 2026: असम बाढ़ प्रभावित छात्रों को मुफ्त मिलेंगे डुप्लीकेट मार्कशीट, पास सर्टिफिकेट और एडमिट कार्ड, जानें आवेदन प्रक्रिया

असम राज्य स्कूल शिक्षा बोर्ड (ASSEB) ने बाढ़ प्रभावित छात्रों को बड़ी राहत दी है। बोर्ड ने घोषणा की है कि जिन छात्रों के शैक्षणिक दस्तावेज बाढ़ में नष्ट या क्षतिग्रस्त हो गए हैं, उन्हें पास सर्टिफिकेट, एडमिट कार्ड, मार्कशीट और रजिस्ट्रेशन कार्ड की डुप्लीकेट कॉपी पूरी तरह मुफ्त उपलब्ध कराई जाएगी।

इससे पहले मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने घोषणा की थी कि चराइदेव, शिवसागर, जोरहाट और गोलाघाट जिलों के बाढ़ प्रभावित छात्र बिना किसी शुल्क के अपने शैक्षणिक दस्तावेजों की डुप्लीकेट कॉपी के लिए आवेदन कर सकेंगे।

किन छात्रों को मिलेगा लाभ?

यह सुविधा फिलहाल उन छात्रों के लिए शुरू की गई है जो हालिया बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। यह राहत अस्थायी रूप से दी जा रही है ताकि प्राकृतिक आपदा के कारण दस्तावेज खो चुके विद्यार्थियों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

किन दस्तावेजों की मिलेगी डुप्लीकेट कॉपी?

बाढ़ प्रभावित छात्र पास सर्टिफिकेट, मार्कशीट, एडमिट कार्ड, रजिस्ट्रेशन कार्ड जैसे दस्तावेज मुफ्त में प्राप्त कर सकेंगे।

कैसे करें आवेदन?

HSLC (कक्षा 10) और AHM छात्रों के लिए: असम बोर्ड और असम हाई मदरसा (AHM) के छात्र sebaservice.in पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

HS (कक्षा 12) छात्रों के लिए: असम बोर्ड हायर सेकेंडरी (HS) के छात्र ahsec.assam.gov.in के माध्यम से डुप्लीकेट दस्तावेजों के लिए आवेदन कर सकते हैं।

पुलिस रिपोर्ट की जरूरत नहीं

बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि ऑनलाइन आवेदन करते समय छात्रों को एफआईआर या पुलिस रिपोर्ट अपलोड करने की आवश्यकता नहीं होगी। इसके स्थान पर छात्रों को एक स्व-घोषणा पत्र जमा करना होगा, जिसमें यह घोषित करना होगा कि वे हालिया बाढ़ से प्रभावित हुए हैं और उनके शैक्षणिक दस्तावेज नष्ट या खो गए हैं।

अस्थायी राहत के तौर पर शुरू की गई सुविधा

ASSEB ने अपने आधिकारिक नोटिस में कहा है कि डुप्लीकेट दस्तावेजों का मुफ्त वितरण केवल अस्थायी राहत उपाय के रूप में शुरू किया गया है। इसका उद्देश्य बाढ़ प्रभावित छात्रों को जल्द से जल्द उनके जरूरी शैक्षणिक दस्तावेज उपलब्ध कराना है, ताकि उनकी पढ़ाई और प्रवेश प्रक्रिया प्रभावित न हो।

About The Author

Related posts