Ghaziabad
गाज़ियाबाद (4जुलाई 2026) मोदीनगर। वन महोत्सव सप्ताह के तहत गाजियाबाद वन प्रभाग की मोदीनगर रेंज के डीपीएस (दिल्ली पब्लिक स्कूल), मोदीनगर में एक भव्य पौधारोपण कार्यक्रम, कविता और चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस वर्ष कार्यक्रम की थीम “Forest, Nature and Us” (जंगल, प्रकृति और हम) निर्धारित की गई थी, जिसका उद्देश्य नई पीढ़ी को पर्यावरण के प्रति जागरूक करना है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका परिषद (मोदीनगर) के अध्यक्ष विनोद वैशाली उपस्थित रहे। वहीं, विशिष्ट अतिथियों में उप प्रभागीय वनाधिकारी (गाजियाबाद) डॉ. सलोनी, डीपीएस मोदीनगर की प्रो-वाइस चांसलर अनिशा गांधी, प्रधानाचार्या डॉक्टर ज्योति सिरोही और हेडमास्टर अमित गल्यान शामिल हुए।
पौधारोपण के साथ पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथियों ने विद्यालय परिसर में सघन पौधारोपण किया । इस दौरान सभी ने पर्यावरण को हरा-भरा बनाए रखने का संकल्प लिया।
प्रतियोगिताओं में दिखा बच्चों का उत्साह
“जंगल, प्रकृति और हम” विषय पर आयोजित कविता एवं चित्रकला प्रतियोगिता में विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बच्चों ने अपनी कला और कविताओं के माध्यम से प्रकृति के महत्व को बेहद खूबसूरती से दर्शाया।
इस अवसर पर मोदीनगर रेंज के क्षेत्रीय वन अधिकारी अमित सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पेड़-पौधे हमारे जीवन का आधार हैं। उन्होंने बच्चों को अपने जीवन में अधिकाधिक वृक्षारोपण करने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति हमेशा सजग रहने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगण, मोदीनगर रेंज का समस्त स्टॉफ एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।