गाज़ियाबाद |
किसानों को सुरक्षित खाद्य उत्पादन, पर्यावरण संरक्षण और संतुलित कीटनाशक उपयोग के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से ‘Grow Safe Food’ अभियान के अंतर्गत कृषि विज्ञान केंद्र, मुरादनगर में किसान जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में किसानों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक फसल संरक्षण तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी गई।
समेकित कीट प्रबंधन अपनाने की अपील
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. प्रमोद एवं सब्जेक्ट मैटर स्पेशलिस्ट डॉ. आकांक्षा ने किसानों को समेकित कीट प्रबंधन (IPM), आर्थिक क्षति स्तर (ETL), फेरोमोन ट्रैप, येलो स्टिकी ट्रैप, लाइट ट्रैप तथा जैविक एवं वैज्ञानिक फसल सुरक्षा उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने किसानों से रासायनिक कीटनाशकों पर अत्यधिक निर्भरता कम करने और पर्यावरण-अनुकूल वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाने का आग्रह किया।
गुणवत्तायुक्त कीटनाशकों के प्रयोग पर दिया जोर
जिला कृषि रक्षा अधिकारी श्री अमित कुमार ने किसानों को केवल अधिकृत एवं गुणवत्तायुक्त कीटनाशकों का ही उपयोग करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि कीटनाशकों के लेबल एवं पर्चे पर दिए गए निर्देशों का पालन करना सुरक्षित खेती और गुणवत्तापूर्ण खाद्य उत्पादन के लिए अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने संतुलित एवं विवेकपूर्ण कीटनाशी उपयोग को समय की आवश्यकता बताते हुए किसानों से निर्धारित मात्रा में ही कीटनाशकों के प्रयोग की अपील की।
सुरक्षित छिड़काव और PPE के उपयोग की जानकारी
कृषि रक्षा अनुभाग की वरिष्ठ प्राविधिक सहायक श्रीमती क्षितिज ने किसानों को सुरक्षित छिड़काव की सही विधि, प्रतीक्षा अवधि (Waiting Period), व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (PPE) के उपयोग तथा कीटनाशकों के सुरक्षित भंडारण एवं निस्तारण के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि सुरक्षा मानकों का पालन करने से किसान स्वयं, उपभोक्ता और पर्यावरण तीनों सुरक्षित रहते हैं।
किसानों को सुरक्षित खाद्य उत्पादन के लिए किया जागरूक
कार्यक्रम में क्रॉप साइंस कंपनी के प्रतिनिधि श्री अतुल राय ने आयोजन में सहयोग प्रदान करते हुए किसानों के लिए जलपान की व्यवस्था कराई। उन्होंने विभिन्न फसलों के लिए उपयुक्त कीटनाशकों के चयन, अनुशंसित मात्रा में उनके प्रयोग तथा सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य उत्पादन के महत्व पर किसानों को जागरूक किया।
बड़ी संख्या में किसानों ने लिया हिस्सा
कार्यक्रम में कृषि रक्षा अनुभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में किसानों ने कार्यक्रम में भाग लेकर फसल सुरक्षा से जुड़े अपने प्रश्नों का समाधान प्राप्त किया तथा ‘Grow Safe Food’ अभियान के संदेश को अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाने का संकल्प लिया।