New Delhi
नई दिल्ली (23 मई 2026) भारत के ई-कॉमर्स लॉजिस्टिक सेक्टर को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए भारतीय डाक (DoP) और फ्लिपकार्ट ने हाथ मिला लिया है। आज नई दिल्ली में दोनों संस्थानों के बीच देशव्यापी ‘लास्ट-माइल’ डिलीवरी क्षमताओं को बढ़ाने के लिए एक महत्वपूर्ण समझौते पर हस्ताक्षर किए गए।
साझेदारी में मुख्य रुप से, फ्लिपकार्ट, दूरस्थ और कम सुविधा वाले क्षेत्रों सहित शहरी, अर्ध-शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में पार्सल डिलीवरी सेवाओं के लिए इंडिया पोस्ट के व्यापक नेटवर्क का उपयोग करेगा, इन सेवाओं में प्रीपेड और कैश ऑन डिलीवरी (सीओडी) पार्सल की डिलीवरी, ओटीपी आधारित डिलीवरी प्रमाणीकरण और तत्क्षण शिपमेंट ट्रैकिंग शामिल हैं, यह समझौता कुशल पार्सल आवागमन और वितरण के लिए तेज डिलीवरी, बेहतर परिचालन समन्वय और निर्बाध प्रौद्योगिकी एकीकरण पर केंद्रित है।
ई-कॉमर्स के विकास को समर्थन: इस सहयोग से भारत के तेजी से बढ़ते ई-कॉमर्स क्षेत्र को समर्थन देने वाले लॉजिस्टिक इंफ्रास्ट्रक्चर को और भी अधिक मजबूती मिलने की उम्मीद है।
इस समझौते के दौरान डाक विभाग के महाप्रबंधक नीरज कुमार झा और फ्लिपकार्ट के वाणिज्यिक निदेशक हरविंदर कपूर सहित दोनों संगठनों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।