रक्षा मंत्री ने किया सम्मानित
New Delhi
नई दिल्ली (12 अक्तूबर 2026) हाल ही में जापान में संपन्न हुए 0226-एशियाई खेल में देश का परचम लहराने वाले भारतीय सशस्त्र बलों के जांबाज खिलाड़ियों को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने 12 अक्टूबर, 2026 को नई दिल्ली में एक भव्य समारोह में सम्मानित किया। इन अंतरराष्ट्रीय खेलों में भारतीय सेना के अब तक के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन का जश्न मनाने के लिए आयोजित इस कार्यक्रम में केंद्रीय उपभोक्ता कार्य, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रल्हाद जोशी भी विशेष रूप से मौजूद रहे।
भारत ने इस प्रतिष्ठित खेल महाकुंभ में कुल 85 पदक (21 स्वर्ण, 27 रजत और 37 कांस्य) जीतकर पदक तालिका में चौथा स्थान हासिल किया। इस ऐतिहासिक उपलब्धि में सेना के जवानों का अभूतपूर्व योगदान: तीनों सेनाओं (थल, नौ और वायु सेना) के 92 एथलीटों ने 19 खेल स्पर्धाओं में दमखम दिखाया।

27 पदक झोली में: सैन्य खिलाड़ियों ने देश की झोली में अकेले 27 पदक डाले, जिनमें 6 स्वर्ण, 11 रजत और 10 कांस्य पदक शामिल हैं।
“अनुशासन और निरंतर तपस्या की विजय”: रक्षा मंत्री
समारोह के दौरान पदक विजेताओं से संवाद करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने खिलाड़ियों की सफलता का श्रेय उनके अटूट अनुशासन, कड़ी मेहनत, टीम भावना और खेल उत्कृष्टता को दिया।
खिलाड़ियों के त्याग और संघर्ष को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा कि पोडियम तक का यह सफर केवल चंद मिनटों के प्रदर्शन का नहीं, बल्कि वर्षों की कड़ी तपस्या का परिणाम है। सुबह के कड़े प्रशिक्षण सत्र, जिम की थकावट, चोटों का दर्द, उनसे उबरने का धैर्य और निरंतर प्रयास ही एक सामान्य खिलाड़ी को चैंपियन बनाते हैं। रक्षा मंत्री ने इस बात पर विशेष बल दिया कि सैन्य एथलीट यूनिट के कर्तव्यों और खेल की तैयारियों के बीच असाधारण संतुलन साधते हैं और परिवार से महीनों दूर रहकर देश के मान-सम्मान के लिए खुद को समर्पित करते हैं।