Ghaziabad
गाजियाबाद (7जुलाई 2026) ‘डिस्ट्रिक्ट कोआपरेटिव डेवलपमेन्ट कमेटी’ (DCDC) की एक महत्वपूर्ण बैठक मुख्य विकास अधिकारी (CDO) कुमार सौरभ की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में संपन्न हुई। इस बैठक में भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार 29 जून 2026 से 6 जुलाई 2026 तक मनाए जा रहे ‘सहकारिता सप्ताह 2026’ के तहत विभिन्न कार्यक्रमों और विकास योजनाओं पर गहन विचार-विमर्श किया गया।
बैठक के दौरान जिले में सहकारिता और किसानों के उत्थान को लेकर कई बड़े और दूरगामी निर्देश जारी किए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने सख्त निर्देश दिए कि जनपद की सभी बी-पैक्स (B-PACS) समितियों को भू-राजस्व अभिलेखों में दर्ज कराने के लिए तुरंत सूची तैयार की जाए, ताकि उनकी भूमि को सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज करने की आवश्यक कार्रवाई तेजी से पूरी हो सके।
सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक (सहकारिता) की बैठक में यह मुद्दा उठाया गया कि कुछ समितियों पर शौचालय की सुविधा नहीं है। इस पर CDO ने नाराजगी जताते हुए ऐसी समितियों की सूची मांगी है और ग्राम पंचायत व न्याय पंचायत के मद से वहां शौचालय निर्माण की कार्ययोजना बनाने का निर्देश दिया है।
समितियों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से, CDO ने बी-पैक्स समितियों के पास उपलब्ध खाली पड़ी जमीन की सूची तैयार करने को कहा है। इस अतिरिक्त भूमि पर एफ.पी.ओ. (FPO) के माध्यम से नए व्यवसाय शुरू करने की योजना बनाई जाएगी।
बैठक में किसानों की आय दोगुनी करने और पर्यावरण संरक्षण को लेकर भी अहम सुझावों पर मुहर लगी
जिला कृषि अधिकारी ने सुझाव दिया कि बी-पैक्स समितियों के माध्यम से ‘जीवामृत योजना’ के तहत बिक्री शुरू की जाए। साथ ही किसानों को जैविक खेती के लिए प्रोत्साहित कर समितियों का व्यवसाय बढ़ाया जाए। इसके लिए CDO ने जैविक खेती करने वाले किसानों को चिन्हित कर एक ठोस कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी के सुझाव पर समितियों के स्तर पर पशुओं के लिए विशेष हेल्थ कैम्प आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।
कृषि को आधुनिक बनाने के लिए बी-पैक्स समितियों पर ‘कस्टम हायरिंग सेंटर’ (कृषि उपकरण केंद्र) स्थापित करने की रूपरेखा तैयार करने को कहा गया है, जिससे छोटे किसानों को आधुनिक कृषि यंत्र आसानी से मिल सकेंगे।
इस उच्चस्तरीय बैठक में सहकारिता और विकास से जुड़े तमाम विभागों के उच्चअधिकारी मौजूद रहे, जिनमें मुख्य रूप से, अमित कुमार त्यागी (सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक, सहकारिता, गाजियाबाद) , अमित कुमार (जिला कृषि अधिकारी),उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी एवं जिला पूर्ति अधिकारी, रमेश चंद्र (उपमहाप्रबंधक, जिला सहकारी बैंक लि., गाजियाबाद), अलका (डीडीएम, नाबार्ड) शामिल थे
“इस बैठक का मुख्य उद्देश्य सहकारिता के माध्यम से जमीनी स्तर पर विकास को गति देना और जिले के किसानों को सीधे तौर पर आत्मनिर्भर बनाना है।” कुमार सौरभ, मुख्य विकास अधिकारी, गाजियाबाद