prisoners escape मिर्गी दौरे का नाटक कर 17 कैदी फरार

धरपकड़ के लिए 17 टीमें रवाना

New Delhi नई दिल्ली (27 अक्तूबर 2026) थेनी (तमिलनाडु) जिले में थेक्कम्पट्टी उप-जेल (सब-जेल) में देर रात फिल्मी अंदाज में रची गई एक खौफनाक साजिश को अंजाम देते हुए 17 कैदी फरार हो गए। कैदियों ने सुरक्षाकर्मियों पर हमला कर इस सनसनीखेज फरारी को अंजाम दिया, जिसके बाद पूरे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।

मिली जानकारी के मुताबिक, एक ही बैरक में बंद इन कैदियों ने भागने के लिए पहले से सुनियोजित साजिश रची। देर रात बैरक के भीतर एक कैदी को अचानक मिर्गी (दौरा) पड़ने का नाटक किया गया। साथी कैदियों के मचाए गए शोर-शराबे को सुनकर जैसे ही जेल सुरक्षाकर्मी मदद के लिए बैरक का दरवाजा खोलकर अंदर दाखिल हुए, घात लगाए बैठे कैदियों ने उन पर अचानक हमला बोल दिया।

सुरक्षाकर्मियों को संभलने का मौका दिए बिना, कैदी उन पर टूट पड़े, उन्हें बंधक बनाने की कोशिश की और मौके से भाग निकले। जेल के भीतर हुई इस अचानक हिंसक झड़प से अफरा-तफरी मच गई और अंधेरे का फायदा उठाते हुए सभी 17 बंदी जेल परिसर से बाहर निकल गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और जेल प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। घायल सुरक्षाकर्मियों को प्राथमिक उपचार के लिए भेजा गया है।

प्रशासन ने पूरे जिले की सीमाओं को सील कर सघन तलाशी अभियान (कॉम्बिंग ऑपरेशन) शुरू कर दिया है। फरार बंदियों को दबोचने के लिए पुलिस की  17 विशेष टीमें गठित की गई हैं, जो संदिग्ध ठिकानों और सीमावर्ती इलाकों में लगातार छापेमारी कर रही हैं, कई कैदियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।  जेल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था में हुई इस भारी चूक की भी उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए गए हैं।

About The Author

Related posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *