Sarang Helicopter
नई दिल्ली (6 सितंबर 2026) अल अलामीन अंतर्राष्ट्रीय एयरशो के लिए भारतीय वायु सेना की सारंग हेलिकॉप्टर प्रदर्शन टीम मिस्र पहुंच गई है।
भारतीय वायु सेना की सारंग टीम विश्व की एकमात्र पांच हेलिकॉप्टरों वाली प्रदर्शन टीम है। यह टीम सुनियोजित प्रदर्शनों की एक श्रृंखला के माध्यम से सटीकता, व्यावसायिकता और उड़ान कौशल का प्रदर्शन करेगी। यह भारतीय वायु सेना द्वारा अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर किए गए प्रयासों में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जो भारत और मिस्र के बीच बढ़ते रक्षा और राजनयिक संबंधों को दर्शाती है।
स्वदेशी रूप से डिजाइन और निर्मित एडवांस्ड लाइट हेलिकॉप्टर (एएलएच) ध्रुव को उड़ाते हुए, सारंग टीम अपने चुनौतीपूर्ण फॉर्मेशन युद्धाभ्यास, निकटवर्ती उड़ान और समन्वित एयरशो के लिए प्रसिद्ध है। यह प्रदर्शन न केवल पायलटों के असाधारण कौशल और अनुशासन को दर्शाता है, बल्कि भारत के स्वदेशी एयरोस्पेस उद्योग की क्षमताओं को भी उजागर करता है।