सावन का पहला दिन है और पूजा में भगवान शिव पर खासतौर पर चढ़ाया जाने वाला बेल पत्र सिर्फ धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं है बल्कि आयुर्वेद में इसे स्वास्थ्य का ‘खजाना’ माना गया है। मानसून के मौसम में जब वायरल इंफेक्शन और बीमारियां तेजी से फैलती हैं, तो बेलपत्र की औषधीय पत्तियां शरीर की इम्यूनिटी को नेचुरल तरीके से मजबूत करने में मददगार साबित हो सकती हैं। आयुर्वेदिक एक्सपर्ट राजीव दीक्षित जो जड़ी बूटियों से आयुर्वेदिक तरीके से बीमारियों का इलाज बताते हैं, उन्होंने बताया भगवान शिव को बेलपत्र अर्पित करने के बाद उसे मंदिर में ही छोड़ने के बजाय शिवलिंग का स्पर्श कराकर वापस घर ले आना चाहिए। इसे प्रसाद के रूप में ग्रहण करना फायदेमंद होता है।
आयुर्वेद के मुताबिक आयुर्वेद के अनुसार बेलपत्र में एंटीऑक्सीडेंट, एंटीमाइक्रोबियल और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण पाए जाते हैं, जो शरीर की इम्यूनिटी को मजबूत करते हैं। राजीव दीक्षित ने एक वीडियो में बताया है कि भगवान शिव को अर्पित बेलपत्र को चबाकर खाने और उसके बाद गर्म पानी पीने से मोटापा, हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज, कोलेस्ट्रॉल और ट्राइग्लिसराइड्स जैसी समस्याओं में फायदा हो सकता है। मानसून के दौरान जब वायरल संक्रमण, सर्दी-जुकाम और फ्लू का खतरा बढ़ जाता है, तब सीमित मात्रा में बेलपत्र का सेवन शरीर को नेचुरल तरीके से सुरक्षा बनाए रखने में सहायक माना जाता है। आइए जानते हैं कि बेलपत्र का सेवन कैसे सेहत को फायदा पहुंचाता है।
पाचन तंत्र को रखता है दुरुस्त
बरसात के मौसम में अक्सर अपच, गैस, पेट फूलना और दस्त जैसी समस्याएं बढ़ जाती हैं। बेलपत्र पाचन क्रिया को बेहतर बनाने और आंतों को स्वस्थ रखने में मदद कर सकता है। आयुर्वेद में इसे भूख बढ़ाने और पेट से जुड़ी कई परेशानियों को कम करने के लिए उपयोगी माना गया है। नियमित और संतुलित मात्रा में इसका सेवन पाचन तंत्र को मजबूत रखने में सहायक हो सकता है।
ब्लड शुगर कंट्रोल में दे सकता है सहारा
कुछ शोध और आयुर्वेदिक मान्यताओं के अनुसार, बेलपत्र में मौजूद कुछ प्राकृतिक यौगिक ब्लड शुगर लेवल को नियंत्रित रखने में मदद कर सकते हैं। हालांकि, यह डायबिटीज की दवा का विकल्प नहीं है। अगर कोई व्यक्ति मधुमेह की दवा ले रहा है, तो बेलपत्र का नियमित सेवन शुरू करने से पहले डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है, क्योंकि इससे ब्लड शुगर जरूरत से ज्यादा कम होने का खतरा हो सकता है। Journal of Ethnopharmacology में प्रकाशित अध्ययन में पाया गया है कि बेलपत्र का अर्क Pancreas) की बीटा-सेल्स को उत्तेजित करता है, जिससे इंसुलिन का स्राव सुधरता है। इसमें मौजूद Marmelosin और Flavonoids ब्लड शुगर के स्तर को प्राकृतिक रूप से नियंत्रित रखने में मदद करते हैं।
शरीर की सूजन और संक्रमण से लड़ने में मददगार
बेलपत्र में मौजूद एंटी-इंफ्लेमेटरी और एंटीबैक्टीरियल गुण शरीर में होने वाली सूजन को कम करने और बैक्टीरिया व कुछ संक्रमणों से बचाव में मदद कर सकते हैं। मानसून में स्किन से संबंधी संक्रमण और गले की हल्की समस्याओं के दौरान भी आयुर्वेद में बेलपत्र को लाभकारी माना जाता है।
शरीर को डिटॉक्स करने और लिवर की सेहत को करता है सपोर्ट
आयुर्वेद के अनुसार बेलपत्र शरीर से विषैले तत्वों को बाहर निकालने की प्राकृतिक प्रक्रिया को सहयोग देता है। इसके अलावा यह लिवर की कार्यक्षमता को बेहतर बनाए रखने में भी मददगार माना जाता है। ये पत्ता लिवर पाचन, मेटाबॉलिज्म और इम्यूनिटी को बेहतर बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
बेलपत्र खाने का सही तरीका
- आयुर्वेद विशेषज्ञों के अनुसार सुबह खाली पेट 1–2 ताजे, साफ और कोमल बेलपत्र अच्छी तरह धोकर चबाकर खाए। यदि पत्ते का स्वाद कड़वा लगे तो इन्हें पीसकर पानी के साथ भी लिया जा सकता है। हालांकि, अधिक मात्रा में सेवन करने से बचना चाहिए। अगर कोई मेडिकल कंडीशन है तो डॉक्टर की सलाह से सेवन करें।
- बेलपत्रों का सेवन आप धूप में सुखाकर उनका पाउडर बनाकर करें।
- बेलपत्र का काढ़ा बनाकर भी इसका सेवन कर सकते हैं।
बेलपत्र का काढ़ा बनाने की विधि
सबसे पहले 5 बेलपत्र लें। उन्हें पत्थर पर पीसकर चटनी जैसा बारीक बना लें। इसे एक गिलास पानी में डालें। पानी को तब तक उबालें, जब तक वह आधा न रह जाए। ठंडा होने के बाद इस काढ़े का सेवन करें। आयुर्वेद के मुताबिक जिन लोगों का बीपी हाई रहता है उनके लिए ये काढ़ा असरदार साबित होता है। हाई ब्लड प्रेशर में बेलपत्र का काढ़ा पीना सेहत के लिए फायदेमंद माना जाता है, लेकिन डॉक्टर की सलाह के मुताबिक
इन बातों का भी रखें ध्यान
- बेलपत्र को हमेशा अच्छी तरह धोकर ही खाएं।
- गर्भवती और स्तनपान कराने वाली महिलाओं को बिना डॉक्टर सलाह के इसका सेवन नहीं करना चाहिए।
- डायबिटीज की दवा लेने वाले लोग नियमित सेवन से पहले डॉक्टर से सलाह लें।
- किसी भी जड़ी-बूटी की तरह बेलपत्र का भी सीमित मात्रा में ही सेवन करें, क्योंकि अधिक मात्रा नुकसान पहुंचा सकती है।
- यदि सेवन के बाद एलर्जी, पेट दर्द या कोई असामान्य लक्षण दिखाई दें तो इसका उपयोग बंद कर चिकित्सक से संपर्क करें।
डिस्क्लेमर: यह जानकारी आयुर्वेदिक मान्यताओं और उपलब्ध वैज्ञानिक अध्ययनों पर आधारित है। बेलपत्र किसी बीमारी का इलाज या दवा का विकल्प नहीं है। किसी भी स्वास्थ्य समस्या या नियमित दवा के साथ इसका सेवन शुरू करने से पहले योग्य डॉक्टर या आयुर्वेद विशेषज्ञ की सलाह अवश्य लें।