आज 26 जुलाई 2026 को पूरा देश कारगिल विजय दिवस मना रहा है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 136वें एपिसोड में देश को संबोधित किया और कारगिल युद्ध में शहीद होने वाले वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि दी।
पीएम मोदी ने कहा, “हमारे जीवन में कुछ तारीखें ऐसी होती हैं जिन्हें याद रखने के लिए कैलेंडर देखने की जरूरत नहीं पड़ती। आज, 26 जुलाई ऐसी ही एक तारीख है। आज ‘कारगिल विजय दिवस’ है। ये दिन हमें गर्व से भर देता है। ये दिन हमें अपने वीर जवानों के अद्भुत साहस की याद दिलाता है।”
उन्होंने कहा कि कारगिल की ऊंची-ऊंची चोटियां, कठिन मौसम, दुश्मन की चुनौती, हर परिस्थिति हमारे सैनिकों के सामने थी, लेकिन उनका हौंसला हर चुनौती से बड़ा था। उन्होंने मां भारती की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व अर्पित कर दिया। आज ‘कारगिल विजय दिवस’ पर मैं सभी वीर शहीदों और वीर सैनिकों को श्रद्धापूर्वक नमन करता हूं।”
बता दें कि 1999 में भारत और पाकिस्तान के बीच कारगिल युद्ध हुआ था। इस युद्ध में भारतीय सेना ने ‘ऑपरेशन विजय’ के तहत पाकिस्तानी घुसपैठियों और सैनिकों के कब्जे वाले भारतीय इलाकों को दोबारा अपने नियंत्रण में लिया था। इस युद्ध में भारत के 527 से अधिक सैनिक शहीद हुए थे।
पीएम मोदी ने इस दौरान ‘शौर्य विजय यात्रा’ का भी जिक्र किया, जो 14 जुलाई को दिल्ली के नेशनल वॉर मेमोरियल से शुरू हुई थी और द्रास के कारगिल वॉर मेमोरियल तक पहुंचेगी। इस यात्रा का संदेश है – “वन राइड, वन नेशन, वन सैल्यूट।”
उन्होंने यह भी कहा कि आज का भारत अपने वीरों को सिर्फ याद ही नहीं करता, बल्कि नई पीढ़ी तक उनकी गाथा भी पहुंचाता है। रक्षा उत्पादन, रक्षा निर्यात और मित्र देशों के साथ राजनीतिक सहयोग में भारत लगातार नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है।
देशभर में कारगिल विजय दिवस के मौके पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। रक्षा मंत्रालय, सेना के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किए जा रहे हैं। कारगिल वॉर मेमोरियल, द्रास में मुख्य समारोह का आयोजन किया जा रहा है, जहां रक्षा मंत्री और सेना प्रमुख श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।