हिंदू धर्म में सावन का महीना सबसे पवित्र और महत्वपूर्ण अवसरों में से एक माना जाता है। इस वर्ष के सावन की शुरुआत हो चुकी है। इस पूरे माह श्रद्धालु भगवान शिव की विधि-विधान से पूजा-अर्चना करते हैं। इस दौरान देशभर के शिवालयों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ती है। महादेव की कृपा पाने के लिए लोग व्रत-उपवास भी रखते हैं, रुद्राभिषेक करवाते हैं और शिवलिंग पर जल, दूध व बेलपत्र अर्पित करते हैं। इसके साथ ही भगवान शिव को विभिन्न प्रकार की मिठाइयों का भोग भी लगाया जाता है, जिसे बाद में प्रसाद के रूप में बांट दिया जाता है।
हालांकि, बाजार में मिलने वाली मिठाइयों में कई बार मिलावट की शिकायतें सामने आ चुकी हैं। ऐसे में व्रत-उपवास के दौरान ऐसी मिठाइयों का सेवन स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है। अधिकांश मिठाइयों को बनाने में खोया का इस्तेमाल किया जाता है, लेकिन आजकल बाजार में मिलावटी ही नहीं, बल्कि नकली खोया भी बिक रहा है। हालांकि, आप घर पर ही शुद्ध मावा तैयार कर सकते हैं। आइए जानते हैं 1 किलो मावा बनाने में कितना दूध लगता है और घर पर कैसे मावा बनाएं।
1 किलो मावा के लिए दूध
1 किलो खोया बनाने के लिए लगभग 4 से 5 लीटर फुल क्रीम (मलाईदार) दूध की जरूरत होती है। 1 लीटर अच्छी क्वालिटी के फुल क्रीम दूध से लगभग 200 से 250 ग्राम तक मावा निकल सकता है। हालांकि, यह दूध की गुणवत्ता पर निर्भर करता है।
जरूरत के सामान
दूध- 5 लीटर (या जरूरत के अनुसार)
भारी तले की कड़ाही (स्टील, पीतल या नॉन स्टिक कड़ाही)
दूध को लगातार चलाने के लिए चमचा या कलछी
घर पर खोया बनाने की आसान विधि
सबसे पहले कड़ाही में फुल क्रीम दूध डाल कर उसे मध्यम आंच पर उबाल आने तक पका लें। बीच-बीच में चलाते रहें ताकि दूध तले में न लगे। दूध में उबाल आने के बाद आंच धीमी से मध्यम कर दें। अब दूध को लगातार पकाते रहें। हर 2-3 मिनट में चलाते रहें और कड़ाही के किनारों पर जमी मलाई को खुरचकर दूध में मिलाते रहें।
धीरे-धीरे दूध गाढ़ होकर दानेदार होने लगेगा। इस दौरान लगातार चलाते रहें ताकि मिश्रण जले नहीं। जब दूध पूरी तरह गाढ़ा होकर हलवा जैसा दिखने लगे और कड़ाही छोड़ने लगे, तब गैस बंद कर दें। ठंडा होने के बाद यह और भी गाढ़ा हो जाएगा। आपका ताजा और शुद्ध मावा तैयार है। अब आप इससे महादेव को भोग लगाने के लिए कलाकंद, बर्फी, पेड़ा से लेकर रबड़ी तक बना सकते हैं।
मावा बनाने में 30-35 मिनट का समय लग सकता है। तैयार मावा को पूरी तरह ठंडा होने के बाद एयरटाइट कंटेनर में रखकर फ्रिज में स्टोर कर दें। इसे 3-4 दिनों तक सुरक्षित रखा जा सकता है। हालांकि फ्रिजर में लंबे समय तक सुरक्षित रह सकता है।
Also Read
बाजार का नहीं खाना तो घर पर बनाएं सोया चाप, नोट कर लें लाजवाब स्वाद की रेसिपी