
चुनाव में तो सभी पार्टियां एक दूसरे पर तीखी टिप्पणियां करती रहती हैं, लेकिन कभी-कभी ये टिप्पणियां विवादित बयानों में बदल जाती है। कुछ ऐसा ही विवादित बयान शिया वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष वसीम रिजवी ने दिया है। वसिम रिजवी ने कांग्रेस महासचिव और उत्तर प्रदेश की पूर्वी प्रभारी प्रियंका गांधी के लिए अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए कहा कि अगर प्रियंका गांधी पहले मार्केट में आ जातीं तो मैं अपनी फिल्म में उन्हें हीरोइन बना देता।
वसीम रिजवी के इस बयान के बाद चुनावी सरगर्मी बढ़ गई है क्योंकि जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आ रहे हैं, नेताओं के विवादित बयान चुनावी सुर्खियां बनते जा रहे हैं। वसीम रिजवी ने कहा कि प्रियंका गांधी काफी सुंदर हैं। जब वह मार्केट में आई हैं, राजनीति की फील्ड में आई हैं तो अगर जल्दी आ जातीं तो हम उनको जफर खान की बहू का रोल जरूर ऑफर कर देते क्योंकि वे सुंदर हैं और हीरोइन बनने लायक हैं।