New Delhi
नई दिल्ली (19 मई 2026) भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता के तहत, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय का युवा कार्यक्रम विभाग 20-21 मई, 2026 को इंदौर में ब्रिक्स युवा उद्यमिता कार्य समूह की बैठक का आयोजन करेगा।
इस कार्यक्रम में संरचित चर्चाएं, संवादात्मक सत्र और सहयोगात्मक आदान-प्रदान शामिल होंगे, जिनका उद्देश्य ब्रिक्स देशों में युवा नेतृत्व वाले उद्यमशीलता परितंत्र को मजबूत करने पर संवाद को प्रोत्साहित करना है। कार्यक्रम में डिजिटल नवाचार, समावेशिता और स्थिरता पर विषयगत सत्रों के साथ-साथ अंतर-देशीय शिक्षण और सहभागिता के अवसर भी शामिल होंगे।
यह बैठक युवा उद्यमियों के बीच अनुभव साझा करने, साझेदारी के अवसर तलाशने और सहयोग को बढ़ावा देने के लिए एक मंच के रूप में कार्य करेगी। साथ ही, यह ब्रिक्स देशों में आर्थिक विकास और सामाजिक प्रभाव के चालक के रूप में उद्यमिता को आगे बढ़ाने पर एक साझा समझ विकसित करने में भी योगदान देगी।
यह पहल ब्रिक्स की अध्यक्षता के दौरान युवाओं की भागीदारी को मजबूत करने और सार्थक अंतरराष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देने के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।