पुष्टाहार से तैयार किए लजीज और पौष्टिक व्यंजन
Ghaziaba
गाजियाबाद ( 25 अगस्त 2026) उत्तर प्रदेश, लखनऊ के दिशा-निर्देशों के क्रम में निदेशालय बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार जनपद में आँगनबाड़ी कार्यकर्ताओं में एक विशेष कुकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस अनूठी प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य टेक-होम राशन (THR) यानी पुष्टाहार के जरिए बच्चों और माताओं के लिए स्वास्थ्यवर्धक और स्वादिष्ट व्यंजन तैयार करने की कला को बढ़ावा देना था।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) कुमार सौरभ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ जिला विकास अधिकारी प्रज्ञा श्रीवास्तव, जिला कार्यक्रम अधिकारी विनीता चंद्रा, समस्त बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) और मुख्य सेविकाएँ भी पूरी ऊर्जा के साथ मौजूद रहीं।
समस्त विकास खंडों और शहरी क्षेत्रों से आईं आँगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर इस प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। खास बात यह रही कि इन सभी लजीज व्यंजनों को तैयार करने में केवल पुष्टाहार और स्थानीय स्तर पर उपलब्ध प्राकृतिक सामग्रियों का ही प्रयोग किया गया था। कार्यकर्ताओं ने पुष्टाहार से एक से बढ़कर एक पौष्टिक व्यंजन बनाए और मुख्य अतिथि व अन्य अधिकारियों को उनका स्वाद चखाया।
मुख्य अतिथि कुमार सौरभ ने सभी व्यंजनों का स्वाद चखकर आँगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की रचनात्मकता और पाक-कौशल की जमकर सराहना की। इस अवसर पर उन्होंने सभी आँगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और बाल विकास परियोजना अधिकारियों को महत्वपूर्ण निर्देश देते हुए कहा:
प्रत्येक आँगनबाड़ी केंद्र पर अभिभावकों के साथ होने वाली बैठकों और अन्य आयोजनों में इस प्रकार की रेसिपी प्रदर्शनी लगाई जाए।
आम जनता और अभिभावकों को पुष्टाहार की महत्ता से अवगत कराया जाए।
महिलाओं को आसानी से उपलब्ध स्थानीय सामग्रियों के साथ पुष्टाहार से पौष्टिक रेसिपी तैयार करने के लिए निरंतर जागरूक किया जाए।
यह कार्यक्रम बाल विकास और पोषण के क्षेत्र में एक मील का पत्थर साबित हुआ, जिससे न केवल कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन हुआ बल्कि समुदाय स्तर पर कुपोषणमुक्ति की दिशा में एक सशक्त संदेश भी गया।