राष्ट्रव्यापी आयोजनों के साथ मनाया जाएगा लोकतंत्र का उत्सव
New Delhi
नई दिल्ली ( 26 नवंबर 2026) देशभर में भारत के संविधान को अंगीकार किए जाने की ऐतिहासिक स्मृति में उत्साह के साथ ‘संविधान दिवस’ मनाया जाएगा। उल्लेखनीय है कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अपनाया था, जिसके सम्मान में वर्ष 2015 से प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में यह दिवस प्रतिवर्ष मनाया जा रहा है।
23 भाषाओं में प्रस्तावना पाठ और प्रमाणपत्र
इस मौके पर संसदीय कार्य मंत्रालय ने नागरिकों को संवैधानिक मूल्यों से जोड़ने के लिए विशेष डिजिटल पहल की गई है। इसके तहत MyGov पोर्टल ([https://pledge.mygov.in/constitution-day-2026/](https://pledge.mygov.in/constitution-day-2026/)) पर संविधान की प्रस्तावना को 23 भाषाओं (22 अनुसूचित भाषाएँ और अंग्रेज़ी) में ऑनलाइन पढ़ने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। आम नागरिक, छात्र और संस्थान प्रस्तावना का पाठ कर अपना प्रमाणपत्र डाउनलोड कर सकते हैं और इसे सोशल मीडिया पर साझा कर सकते हैं।
‘विकसित भारत युवा संवाद’
युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विशेष राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं जिनमें ‘संविधान क्विज़: 18 से 26 नवंबर 2026 तक MyGov और MyBharat पोर्टल पर ऑनलाइन क्विज़ का आयोजन किया जा रहा है।
विकसित भारत युवा संवाद: 24 से 26 नवंबर 2026 तक देश के सभी 36 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों के 786 जिलों में युवाओं के विचारों को मंच देने हेतु संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
विविध गतिविधियाँ
केंद्र व राज्य सरकारों के मंत्रालयों, कार्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों में प्रस्तावना के सामूहिक पाठ के साथ-साथ संगोष्ठियाँ, वेबिनार, निबंध, वाद-विवाद, पोस्टर निर्माण, सांस्कृतिक कार्यक्रम और जागरूकता रैलियाँ आयोजित की जा रही हैं। स्कूलों और कॉलेजों में विशेष प्रातःकालीन सभाओं के माध्यम से छात्रों को संविधान निर्माण की प्रक्रिया और इसकी प्रमुख विशेषताओं से अवगत कराया जा रहा है।
सरकार ने सभी नागरिकों, विशेषकर युवाओं और विद्यार्थियों से इन कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और लोकतांत्रिक व संवैधानिक आदर्शों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराने का आह्वान किया है।