मेथामफेटामाइन जब्त, एक गिरफ्तार
New Delhi
नई दिल्ली (21 अक्तूबर 2026) डीआरआई (राजस्व आसूचना निदेशालय) ने देशभर में फैल रहे सिंथेटिक मादक पदार्थों के अवैध नेटवर्क पर एक और कड़ा प्रहार किया है। डीआरआई की टीम ने एक गुप्त सूचना के आधार पर भोपाल के अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (ISBT) पर छापेमारी कर 9.139 किग्रा क्रिस्टलीय मेथामफेटामाइन (Methamphetamine) जब्त की और एक तस्कर को हिरासत में लिया।
दिल्ली से बेंगलुरु जा रही थी खेप
खुफिया इनपुट के आधार पर अधिकारियों ने दिल्ली से बेंगलुरु जा रही बस के भोपाल टर्मिनल पहुंचते ही एक संदिग्ध यात्री को रोका। तलाशी के दौरान उसके दो ट्रॉली बैगों में सलवार सूट के पैकेटों के भीतर बेहद शातिराना तरीके से छिपाए गए 11 प्लास्टिक पैकेट बरामद हुए। प्राथमिक फील्ड परीक्षण में इस क्रिस्टलीय पदार्थ के घातक ड्रग मेथामफेटामाइन होने की पुष्टि हुई। आरोपी को स्वापक औषधि एवं मनःप्रभावी पदार्थ (NDPS) अधिनियम, 1985 के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है।
सीमा पार तक फैला जाल
यह जब्ती भारत में सिंथेटिक ड्रग्स के बढ़ते खतरे और तस्करों द्वारा सार्वजनिक परिवहन के इस्तेमाल को उजागर करती है। हालिया अभियानों में DRI ने उत्तर-पूर्व में म्यांमार सीमा से तस्करी कर लाई गई 231.8 किलोग्राम मेथ टैबलेट और तमिलनाडु में श्रीलंका भेजे जाने के लिए रखी 137 किलोग्राम क्रिस्टल मेथामफेटामाइन जब्त की थी।
पूर्वोत्तर सीमाओं और समुद्री तटों से लेकर देश के अंतर-शहरी बस नेटवर्क तक फैले इस सिंडिकेट को ध्वस्त करने के लिए DRI लगातार बड़े स्तर पर निगरानी और कार्रवाई कर रही है।