उपद्रवियों ने सुप्रीम कोर्ट में लगाई आग
New Delhi
नई दिल्ली (20 अक्तूबर 2026)बाल्कन देश अल्बानिया में सरकार के खिलाफ जारी जनआक्रोश ने अप्रत्याशित और हिंसक रूप ले लिया है। राजधानी तिराना में भ्रष्टाचार, बढ़ती बेरोजगारी और व्यवस्थागत नीतियों के खिलाफ सड़कों पर उतरे उग्र प्रदर्शनकारियों ने देश की शीर्ष न्यायपालिका पर सीधा हमला बोलते हुए सुप्रीम कोर्ट के कार्यालयों में और कई सरकारी संस्थाओ में आग लगा दी। इस घटना के बाद राजधानी सहित समूचे देश में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों और मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, लगातार कई दिनों से चल रहे उग्र प्रदर्शनों के बीच भीड़ ने सुरक्षा घेरों को तोड़ते हुए सुप्रीम कोर्ट भवन और आसपास के संवेदनशील इलाकों को निशाना बनाया। इमारत से आग की भीषण लपटें और काले धुएं का गुबार उठता देख सुरक्षा बलों ने आंसू गैस के गोले छोड़े और वॉटर कैनन का प्रयोग कर हालात को काबू में करने का प्रयास किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और दंगा-रोधी पुलिस के बीच भीषण झड़पें हुईं, जिसमें कई सुरक्षाकर्मी और नागरिक घायल हुए हैं।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि मौजूदा सरकार भ्रष्टाचार में लिप्त है और देश में आम जनता की बुनियादी समस्याओं की लगातार अनदेखी की जा रही है। वहीं, न्यायपालिका जैसी शीर्ष लोकतांत्रिक संस्था पर हुए इस हमले को सरकार ने अस्वीकार्य अपराध करार दिया है और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ बड़े पैमाने पर धरपकड़ शुरू कर दी है। आगजनी की इस भयावह घटना के बाद पूरे राजधानी क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं और हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं।