Ghaziabad
गाजियाबाद(5अक्तूबर 2026) गाजियाबाद में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर रविवार को जोरदार विरोध मार्च निकाला गया। जिलाध्यक्ष फैसल हुसैन के नेतृत्व में नवयुग मार्केट से शुरू हुआ यह पैदल मार्च केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए गांधी पार्क पहुंचा।
प्रदर्शन के दौरान जिलाध्यक्ष फैसल हुसैन ने आरोप लगाया कि एसआईआर (SIR) प्रक्रिया के जरिए मतदाताओं के अधिकारों को प्रभावित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर पूरे प्रदेश में यह विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है क्योंकि निष्पक्ष चुनाव प्रणाली पर लगातार सवाल खड़े हो रहे हैं।
महानगर अध्यक्ष वीरेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग सत्ता के दबाव में काम कर रहा है और मतदाता सूची पुनरीक्षण के नाम पर दलित, वंचित व अल्पसंख्यक वर्ग के नाम बड़े पैमाने पर हटाए जा रहे हैं। वहीं, पूर्व विधायक अमरपाल शर्मा ने चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरा बताते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त से तत्काल इस्तीफे की मांग की। सपा नेताओं ने दो टूक कहा कि लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए उनका संघर्ष जारी रहेगा।