तीन अभियानों में नशीले पदार्थ जब्त, 5 तस्कर गिरफ्तार
New Delhi
नई दिल्ली ( 5 अक्तूबर 2026) डीआरआई (राजस्व आसूचना निदेशालय ) ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ देशव्यापी कार्रवाई करते हुए 29 और 30 सितंबर को तीन अलग-अलग खुफिया ऑपरेशनों में 15.59 किलोग्राम खतरनाक नशीले पदार्थ जब्त किए हैं। एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के तहत कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
फिल्मी अंदाज में पीछा
30 सितंबर को डीआरआई और केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) ने मध्य प्रदेश के उज्जैन-देवास टोल प्लाजा पर एक संदिग्ध महिंद्रा थार को रोकने की कोशिश की। चालक बैरिकेड तोड़कर भागा, जिसके बाद अधिकारियों ने करीब डेढ़ घंटे तक पीछा कर वाहन को इंदौर के बिचोली मर्दाना के पास पकड़ लिया। गाड़ी के स्पेयर टायर में छिपाकर रखे गए 21 पैकेटों से 7.116 किलोग्राम एम्फेटेमिन बरामद हुआ। वाहन को जब्त कर इसमें सवार तीनों तस्करों को गिरफ्तार कर लिया गया।
चॉकलेट ट्यूब से 4.9 किग्रा कोकीन जब्त:
29 सितंबर को डीआरआई ने दोहा से हैदराबाद पहुंचे एक भारतीय यात्री को राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रोका। बैगेज की जांच में सात भारी चॉकलेट ट्यूब मिलीं, जिनके अंदर 207 कैप्सूल्स में 4.9 किलोग्राम कोकीन छिपाई गई थी। यात्री को मौके पर गिरफ्तार किया गया।
कार-पूलिंग टैक्सी से संदिग्ध दबोचा:
उसी दिन तीसरे अभियान में, डीआरआई ने पंजाब के जालंधर स्थित फिल्लौर के पास सतलुज नदी पुल पर घेराबंदी की। सघन तलाशी के दौरान एक संदिग्ध को किराए की कार-पूलिंग टैक्सी में सफर करते हुए हिरासत में लिया गया।
डीआरआई की इस त्वरित व सटीक कार्रवाई से अंतरराष्ट्रीय और अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय ड्रग सिंडिकेट्स को बड़ा झटका लगा है। मामले में आगे की जांच जारी है।