नाबालिग की जबरन शादी कराने पहुंचे दो को परिजनों ने दबोचा
Ghaziabad Crime
गाजियाबाद (15 सितंबर 2026) जिला अदालत परिसर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक नाबालिग किशोरी की कथित तौर पर जबरन शादी कराने के लिए पहुंचे दो संदिग्धों को परिजनों ने रंगे हाथों पकड़ लिया। अदालत परिसर में जमकर हंगामा हुआ और परिजनों ने गुस्से में आरोपियों की पिटाई कर दी। खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अपनी हिरासत में ले लिया।
पीड़िता की मां ने बताया कि उनकी नाबालिग बेटी बीते 8 सितंबर से लापता थी। उसे बहला-फुसलाकर अगवा किया गया था और उसकी जबरन शादी कराने की साजिश रची जा रही थी।
परिजनों को जानकारी मिली थी कि आरोपी खेड़ी गांव के रहने वाले हैं। जब उन्होंने संपर्क करने की कोशिश की, तो पहले दो दिन का समय मांगा गया, लेकिन बाद में आरोपियों ने फोन उठाना बंद कर दिया, इस मामले की शिकायत पहले ही लोनी थाने में दर्ज कराई जा चुकी थी।
परिजनों को भनक लगी कि आरोपी सोमवार दोपहर करीब एक बजे शादी से संबंधित कागजात तैयार कराने के लिए जिला अदालत पहुंचेंगे। इसके बाद परिजनों ने सतर्कता दिखाते हुए अदालत परिसर के बाहर पहले से ही मोर्चा संभाल लिया और दोनों संदिग्धों को कागजात के साथ दबोच लिया।
पीड़िता की मां ने मुख्य आरोपी पर बेहद गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि वह शातिर किस्म का है और इससे पहले भी चार अन्य लड़कियों के गायब होने के मामलों से जुड़ा रहा है। मां ने पुलिस प्रशासन से कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
अदालत परिसर में संदिग्धों को पकड़े जाने के बाद परिजनों और उनके बीच तीखी झड़प हुई। इस दौरान हंगामे और मारपीट में आरोपियों के कपड़े भी फट गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए दोनों संदिग्धों को अपने कब्जे में ले लिया और थाने ले आई। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।