Breaking News

मासूम की मौत का मामला, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण का कड़ा एक्शन

ठेकेदार ब्लैकलिस्ट, FIR के निर्देश साथ ही 2 सुपरवाइजरों की सेवा समाप्त

Greno ग्रेटर नोएडा( 25 जुलाई 2026) कलाधाम सोसाइटी,  नॉलेज पार्क-2 में  शनिवार देर शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां नलकूप के लिए खोदे गए बोरवेल के गड्ढे में भरे पानी में डूबने से केंद्रीय विद्यालय के उप-प्रधानाचार्य सीवान यादव के 6 वर्षीय मासूम बेटे अव्यान सूर्या की मौत हो गई। इस दुखद घटना से प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार और वरिष्ठ अधिकारी बेहद आहत हैं।

कार्यस्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए बिना काम शुरू करने और घोर लापरवाही बरतने पर प्राधिकरण ने त्वरित और बेहद सख्त रुख अपनाया।

कार्यदायी फर्म सुप्रीम इंडस्ट्रियल कॉरपोरेशन के प्रोपराइटर मनोज कुमार जैन को तत्काल प्रभाव से ब्लैकलिस्ट कर दिया गया है और उनके खिलाफ नॉलेज पार्क कोतवाली में FIR दर्ज करने के लिए तहरीर दी गई है, साथ ही जल विभाग के तकनीकी सुपरवाइजर आकाश कुमार और सुपरवाइजर जॉनी कुमार की लापरवाही सामने आने पर उनकी सेवा समाप्त कर दी गई है। तहरीर में इनके खिलाफ भी FIR दर्ज करने की मांग की गई है।
घटना की सूचना मिलते ही महाप्रबंधक एके सिंह, वरिष्ठ प्रबंधक विनोद कुमार शर्मा और सहायक प्रबंधक मनोज चौधरी की टीम ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कराए।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने सभी वर्क सर्किलों को कड़ा आदेश जारी किया है कि बिना प्रॉपर बैरिकेडिंग और सुरक्षा उपायों के कहीं भी निर्माण कार्य शुरू न किया जाए। यदि बिना सुरक्षा इंतजाम के काम शुरू हुआ, तो संबंधित स्टाफ और ठेकेदार दोनों पर कठोर कार्रवाई होगी।

प्राधिकरण के एसीईओ सुनील कुमार सिंह ने इस हृदयविदारक घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए स्पष्ट किया है कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

About The Author

Related posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *