GDA
गाजियाबाद, 8 जून 2026: गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) के प्रवर्तन जोन-4 ने सोमवार को अवैध कॉलोनियों और अवैध निर्माण के खिलाफ एक बड़ा अभियान चलाया। प्रभारी प्रवर्तन जोन-4 के नेतृत्व में प्राधिकरण के दस्ते ने महरौली, प्रताप विहार और हिंडन नदी के डूब क्षेत्र में भारी विरोध के बावजूद ध्वस्तीकरण की कार्रवाई को अंजाम दिया।
महरौली में 6600 वर्ग गज पर अवैध प्लाटिंग जमींदोज
ग्राम महरौली में महागुन ग्रुप हाउसिंग सोसाइटी के पास लगभग 6600 वर्ग गज भूमि पर बिना जीडीए की स्वीकृति के अवैध प्लाटिंग की जा रही थी। इसके लिए मिट्टी का भराव कर, कच्ची सड़क को सीधे एनएच-9 (NH-9) से जोड़कर सीवर लाइन डालने की तैयारी चल रही थी।
प्राधिकरण ने इस मामले में 20 नवंबर 2025 को ही कारण बताओ और कार्य रोको नोटिस जारी किया था। निर्माणकर्ताओं के कोई संतोषजनक जवाब न देने पर जीडीए के दस्ते ने इस पूरे अवैध निर्माण को ध्वस्त कर अनुपयोगी बना दिया।
सेक्टर-11 में निर्माणकर्ता ने जीडीए के नियमों का उल्लंघन कर, सेट-बैक को प्रभावित करते हुए बिना स्वीकृति के अवैध निर्माण किया गया था, जिसे दस्ते ने ढहा दिया।
हिंडन नदी के पास और सिद्धार्थ विहार के डूब क्षेत्र में अवैध कॉलोनी/प्लाटिंग के उद्देश्य से किए जा रहे निर्माणों पर कार्रवाई की गई। यहाँ अवैध रूप से बनाई गई बाउंड्रीवॉल, अवैध बिल्डर ऑफिस और छोटे भवनों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।
ध्वस्तीकरण की इस कार्रवाई के दौरान स्थानीय निर्माणकर्ताओं और भू-माफियाओं ने भारी विरोध प्रदर्शन किया । हालांकि, प्राधिकरण के पुलिस बल और प्रवर्तन जोन-4 के समस्त स्टाफ ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए कार्रवाई को सफलतापूर्वक पूरा किया। जीडीए अधिकारियों के अनुसार, क्षेत्र में अवैध निर्माणों के खिलाफ सीलिंग और ध्वस्तीकरण का यह अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।