गाजियाबाद (7 मई 2026) मोदीनगर के सेंट टेरेसा एकेडमी में धर्मांतरण के गंभीर आरोपों को लेकर माहौल गरमा गया है। स्कूल की फिजिकल टीचर अरुणा गोस्वामी ने प्रिंसिपल सिस्टर लूसी पर हिंदू बच्चों और स्टाफ को ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।
टीचर अरुणा गोस्वामी ने बताया कि प्रिंसिपल सिस्टर लूसी के आने के बाद हिंदू बच्चों के हाथों से जबरन कलावा कटवाया जाता है।
तहरीर के मुताबिक प्रत्येक रविवार को गरीब बच्चों को पैसों का लालच देकर स्कूल बस से चर्च ले जाया जाता है और उनका धर्म परिवर्तन कराया जाता है। अरुणा का आरोप है कि इस धर्मांतरण के दबाव का विरोध करने पर उन्हें नौकरी से निकाल दिया गया है।
सोमवार रात थाना मोदीनगर में शिकायत दर्ज होने के बाद मंगलवार को मामला और बढ़ गया। भारी संख्या में जुटे हिंदू संगठनों ने स्कूल के मुख्य गेट पर जोरदार प्रदर्शन किया। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने स्कूल के गेट पर ‘जय श्री राम’ लिख दिया और वहीं बैठकर हनुमान चालीसा का पाठ किया।
पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच में जुट गई है। स्कूल प्रशासन के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।