क्रिकेट के तीनों प्रारूपों में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने रिटायरमेंट का ऐलान कर दिया। 38 साल के रहाणे ने अपने आधिकारिक इंस्टग्राम उकांउट पर इसकी घोषणा की और कहा कि वो अब इंटरनेशनल साथ ही घरेलू क्रिकेट से भी रिटायरमेंट का ऐलान करते हैं। रहाणे के इंटरनेशनल क्रिकेट करियर का शुरुआत साल 2011 में हुई थी और उन्होंने भारत के लिए आखिरी मैच साल 2023 में खेला था। इसके बाद से वो भारतीय टीम से बाहर चल रहे थे।
रहाणे ने भारत के लिए बनाए थे 8,414 रन
रहाणे का इंटरनेशनल क्रिकेट करियर अच्छा रहा और उन्होंने भारत का प्रतिनिधित्व टेस्ट, वनडे व टी20 सभी प्रारूपों में किया था। उन्होंने भारत के लिए खेले 85 टेस्ट मैचों में 5077 रन बनाए थे जिसमें 12 शतक और 26 अर्धशतक शामिल थे साथ ही क्रिकेट के सबसे लंबे प्रारूप में उनका बेस्ट स्कोर 188 रन रहा था। वनडे में उन्होंने भारत के लिए खेले 90 मैचों मेमं 2962 रन बनाए थे जिसमें 3 शतक और 24 अर्धशतक भी शामिल थे साथ ही उनका बेस्ट स्कोर वनडे प्रारूप में 111 रन रहा था। वहीं 20 टी20 मैचों में उन्होंने 375 रन एक अर्धशतक की मदद से बनाए थे और बेस्ट स्कोर 61 रन था। क्रिकेट के तीनों प्रारूपों में उन्होंने भारत के लिए कुल 8,414 रन बनाए थे।
बतौर कप्तान नहीं हारा था एक भी टेस्ट
रहाणे ने भारत के लिए 6 टेस्ट मैचों में कप्तानी की थी और इसमें से उन्हें 4 मैचों में जीत मिली थी जबकि 2 मैच ड्रॉ रहे थे। रहाणे की कप्तानी में भारत ने साल 2021 में ऑस्ट्रेलिया में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी जीती थी जो अपने-आप में ऐतिहासिक था। इस दौरे पर रहाणे ने विराट कोहली की जगह टीम की कप्तानी की थी। यही नहीं उन्होंने साल 2017 में भारत में खेले गए बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी सीरीज का चौथा मैच भी अपनी कप्तानी में जीता था। रहाणे कभी टीम के रेगुलर कप्तान नहीं रहे, लेकिन उन्हें जब भी कप्तानी का मौका मिला उन्होंने खुद को साबित किया और टीम को आगे ले जाने में बड़ी भूमिका निभाई।
आगे बढ़ने का आ गया समय
रहाणे ने रिटायरमेंट का ऐलान करते हुए कहा कि जिंदगी की सच्चाई यही है कि हर चीज की शुरुआत होती है और उसका अंत भी। जब सही समय आता है तो आपको बस उसका सम्मान करना होता है और आगे बढ़ना होता है। मैंने अपनी बैटिंग में हमेशा टाइमिंग पर भरोसा किया है और इसके महत्व को समझा है। मुझे लगता है कि अब आगे बढ़ने और इंटरनेशनल क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से रिटायरमेंट की घोषणा करने का सही समय आ गया है।
उन शुरुआती दिनों से जब मैं एक युवा लड़के के तौर पर सिर्फ प्रैक्टिस के लिए डोंबिवली से यात्रा करता था, मैंने इस खेल को अपना सब कुछ दिया। हर दिन, हर पारी, बैटिंग के हर मौके पर, मेरा सपना हमेशा इंडिया की कैप पहनना ही रहा। मैंने एक साधारण नियम का पालन किया। हमेशा अपने देश और अपनी टीम को खुद से ऊपर रखा। मैंने पूरी ईमानदारी से यह खेल खेला और मेरा हमेशा से यह मानना रहा है कि अगर आपकी नीयत साफ है तो खेल हमेशा आपका ख्याल रखेगा। अजिंक्य रहाणे ने अपनी क्रिकेट यात्रा के दौरान साथ देने के लिए बीसीसीआई, मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन, अपने साथियों, कोचों, Iआईपीए फ्रेंचाइजी, पत्नी राधिका, परिवार, दोस्तों और फैंस का शुक्रिया अदा किया।
रोहित शर्मा नंबर 2, ऋषभ पंत टॉप पर; वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले टॉप-10 भारतीय
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में भारत की तरफ से सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज ऋषभ पंत हैं जबकि इस लिस्ट में रोहित शर्मा दूसरे स्थान पर हैं। (इस खबर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)