Ghaziabad
गाजियाबाद (12 जुलाई 2026) जनपद के स्कूलों में हरियाली और मातृत्व के सम्मान का एक अनोखा संगम देखने को मिला। ‘वृक्षारोपण महायज्ञ-2026’ के तहत बेसिक शिक्षा विभाग ने शासन द्वारा मिले शत-प्रतिशत पौधे लगाने के लक्ष्य को न केवल हासिल किया, बल्कि इसे एक भव्य उत्सव में बदल दिया।
इस महाअभियान की मुख्य गूंज रजापुर में कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में सुनाई दी। यहाँ जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी, समस्त जिला समन्वयक, सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी सहित पूरे स्टाफ ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ लगाते हुए इस पावन यज्ञ की शुरुआत की।
यादों की छांव और सेल्फी का क्रेज यह अभियान सिर्फ सरकारी औपचारिकता नहीं रहा, बल्कि भावनाओं का सैलाब बन गया। जनपद के समस्त परिषदीय, अशासकीय सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त विद्यालयों में छात्रों ने अपने अभिभावकों के साथ मिलकर स्कूल प्रांगण में पौधे रोपे। इस खूबसूरत पल को हमेशा के लिए संजोने के लिए स्कूलों में एक शानदार “सैल्फी प्रतियोगिता” भी आयोजित की गई, जिसमें बच्चों और शिक्षकों ने अपनी मां के नाम लगाए गए पौधों के साथ मुस्कुराते हुए तस्वीरें खिंचवाईं।
नन्हें हाथों से रोपे गए ये पौधे आने वाले कल में जब घने वृक्ष बनेंगे, तो बच्चों को उनकी मां की ममता और धरा के प्रति उनके कर्तव्य की याद दिलाते रहेंगे। सचमुच, गाजियाबाद के शिक्षा विभाग और बच्चों ने मिलकर आज धरती मां का आँचल हरा-भरा कर दिया।