Breaking News

Smart Policing सड़क पर सुरक्षा का नया पहरा, सिपाहियों को मिला ट्रैफिक नियमों का विशेष प्रशिक्षण

Ghaziabad गाजियाबाद, (28 जून 2026) गाजियाबाद में पुलिस और परिवहन विभाग के समन्वय से पी.ए.सी. कम्पाउंड में एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में लगभग 250 प्रशिक्षु सिपाहियों ने भाग लिया, जिन्हें परिवहन विभाग के अधिकारियों ने विभागीय कार्यप्रणाली, विधिक प्रावधानों और सड़क सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी दी ।

यह व्याख्यान सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) गाजियाबाद, विनीत कुमार मिश्र और मोटर वाहन निरीक्षक (MVI) विवेक खरवार ने प्रदान किया।

प्रशिक्षुओं को मोटरयान अधिनियम (1988), केंद्रीय मोटरयान नियम, वाहनों के RC (पंजीकरण), DL (ड्राइविंग लाइसेंस) के नियम तथा उनके निलंबन/निरस्तीकरण की वैधानिक प्रक्रियाओं से अवगत कराया गया।

वाहन चेकिंग के दौरान अपनाई जाने वाली कानूनी प्रक्रिया, ओवरलोडिंग, बिना परमिट व बिना फिटनेस चल रहे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई और डिजिटल प्रवर्तन (ई-चालान व्यवस्था) के बारे में विस्तार से समझाया गया।

सड़क दुर्घटनाओं के बाद MVI ने तकनीकी जांच के महत्व और प्रधानमंत्री राहत योजना के प्रावधानों की जानकारी दी, व्याख्यान में इस बात पर विशेष बल दिया गया कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए पुलिस और परिवहन विभाग के बीच संयुक्त प्रवर्तन कार्यवाही बेहद जरूरी है।

व्याख्यान के बाद एक प्रैस कांफ्रेन्स का आयोजन किया जिसमें प्रशिक्षु सिपाहियों ने फील्ड में आने वाली व्यावहारिक और कानूनी अड़चनों को लेकर कई सवाल पूछे, जिनका अधिकारियों ने विस्तार से समाधान किया।

इस अवसर पर आर.आई. लाइन्स सहित पुलिस विभाग के अन्य निरीक्षक भी मौजूद रहे। अधिकारियों के अनुसार, इस तरह के प्रशिक्षण से भविष्य में प्रभावी व विधिसम्मत कार्यवाही करने और सड़क सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने में बड़ी मदद मिलेगी।

About The Author

Related posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *