नगर आयुक्त ने दिए 5 दिन में रिपोर्ट सौंपने के निर्देश
Ghaziabad
गाजियाबाद(27 जून2026) मानसून की आहट के साथ ही गाजियाबाद नगर निगम शहर को जलभराव से मुक्त रखने के लिए पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने जलकल, स्वास्थ्य और निर्माण विभाग के उच्चाधिकारियों व टीमों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक का मुख्य उद्देश्य शहर के पुराने जलभराव वाले हॉटस्पॉट का स्थाई समाधान खोजना और आगामी बरसात के लिए पुख्ता रणनीति तैयार करना रहा।
विभागों को ‘आपसी समन्वय’ और सख्त मॉनिटरिंग के निर्देश
नगर आयुक्त ने तीनों मुख्य विभागों को आपसी तालमेल के साथ काम करने की सख्त हिदायत दी है। बैठक में कई निर्देश जारी किए गए जिनमें
अपर नगर आयुक्त/वरिष्ठ प्रभारी स्वास्थ्य अवनींद्र कुमार को साफ हो चुके नालों और नए नालों के कनेक्टिंग पॉइंट्स की बारीकी से मॉनिटरिंग करने को कहा गया है।
निर्माण विभाग को नए नालों से बंद हटाने तथा स्वास्थ्य विभाग को उनकी मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए हैं। सभी पुलियों की सफाई और नालों की कनेक्टिंग का काम युद्धस्तर पर करने को कहा गया है।
जलकल विभाग को सीवर मैनहोलों की सफाई के लिए अभियान चलाने और जल निकासी के आवश्यक उपकरणों के साथ तैयार रहने के निर्देश दिए गए।
किसी भी अप्रिय दुर्घटना से बचने के लिए निर्माण विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि जहाँ भी काम चल रहा है, वहाँ अनिवार्य रूप से बैरिकेडिंग की जाए।
शहर के 55 ऐसे संवेदनशील स्थान हैं जहाँ अमूमन जलभराव की समस्या देखी जाती है। जोनल प्रभारियों को अपने-अपने जोन के जल निकासी पॉइंट्स की खुद मॉनिटरिंग करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। बैठक में विशेष रूप से इन क्षेत्रों की योजनाओं पर चर्चा हुई:
लाल कुआं, साहिबाबाद, राजेंद्र नगर, प्रताप विहार, पटेल नगर, यूपी गेट, साईं अंडरपास, विजयनगर अंडरपास, अर्थला अंडरपास, भोपुरा चौक, शादीक की पुलिया, इंदिरापुरम का मकनपुर और स्वर्ण जयंतीपुरम।
नगर आयुक्त ने जलकल, स्वास्थ्य और निर्माण विभाग को संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए 5 दिन के भीतर जलभराव के स्थाई समाधान की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने का अल्टीमेटम दिया है।
इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्य अभियंता (निर्माण) नरेंद्र कुमार चौधरी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश, महाप्रबंधक (जल) कामाख्या प्रसाद आनंद समेत सभी अधिशासी अभियंता और एस.एफ.आई. (SFI) अपनी टीमों के साथ उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने अब तक हुए कार्यों की प्रगति रिपोर्ट भी साझा की।