Census जनगणना-2027, अनिवार्य हो नागरिकों की भागीदारी

छात्राओं की रंगोली और नारों ने दिया ‘सही जानकारी, सही योजना’ का संदेश 

Ghaziabad गाजियाबाद (14 नवंबर 2026)  नगर निगम प्रशासन आगामी जनगणना कार्य को शत-प्रतिशत सफल बनाने और जन-जन को इसके प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से पूरी तरह सक्रिय हो गया है। अपर प्रमुख जनगणना अधिकारी व नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृत्व में सभी जोनल प्रभारियों और टीमों से व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। नगर आयुक्त ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे राष्ट्र निर्माण के इस महाभियान में अपनी अनिवार्य भागीदारी सुनिश्चित करें और ‘सही जानकारी, सही योजना’ के संकल्प को साकार करें।

डोर-टू-डोर सर्वेक्षण की समय-सारणी

नगर आयुक्त ने नागरिकों से विशेष रूप से स्वजनगणना (Self-Enumeration) के प्रति जागरूक होने का आह्वान किया है। अभियान के तहत आगामी 1 दिसंबर से 4 जनवरी तक निगम के 3,577 प्रगणक घर-घर जाकर आंकड़े एकत्रित करेंगे। नगर आयुक्त ने शहरवासियों से अपील की है कि प्रगणकों के आने पर उन्हें सटीक और प्रामाणिक जानकारी उपलब्ध कराएं, क्योंकि इन्हीं आंकड़ों के आधार पर भविष्य की विकास योजनाएं तैयार की जाती हैं।

ऑनलाइन स्वजनगणना

नगर जनगणना अधिकारी व अपर नगर आयुक्त रेनू सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि डिजिटल सुविधा के तहत नागरिक 16 नवंबर से 30 नवंबर के मध्य घर बैठे स्वयं अपनी गणना कर सकते हैं। इसके लिए भारत सरकार के आधिकारिक पोर्टल https://census.gov.in/ पर जाकर सरलता से स्वजनगणना की प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।

रंगोली से दिया संदेश

जन-जागरूकता की इसी कड़ी में अपर नगर आयुक्त रेनू सिंह ने सिटी जोन के नगर पालिका बालिका इंटर कॉलेज से एक भव्य जनगणना जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कॉलेज की प्रधानाचार्या अंतिमा चौधरी के कुशल संयोजन में निकाली गई इस रैली में छात्राओं और शिक्षिकाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। छात्राओं ने हाथों में तख्तियां लेकर और आकर्षक रंगोली सजाकर आमजन को ‘सही जानकारी, सही योजना’ का संदेश दिया। इस अवसर पर जोनल प्रभारी सुशील (चार्ज अधिकारी) अपनी पूरी टीम के साथ उपस्थित रहे। निगम के सभी जोनों में इसी प्रकार रैलियों और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से नागरिकों को प्रेरित किया जा रहा है।

About The Author

Related posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *