गृह मंत्री अमित शाह राष्ट्रीय पुलिस स्मारक पर शहीदों को देंगे श्रद्धांजलि
New Delhi
नई दिल्ली (20 अक्तूबर 2026) पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह 21 अक्टूबर को चाणक्यपुरी में राष्ट्रीय पुलिस स्मारक (NPM) पहुंचकर देश के अमर बलिदानी पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इस दौरान गृह मंत्री ‘फाइट अगेंस्ट ड्रग्स’ (Fight Against Drugs) के राष्ट्रव्यापी संदेश के तहत आयोजित एक विशेष मोटरसाइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
विभिन्न राज्यों, केंद्रशासित प्रदेशों और केंद्रीय बलों (CRPF, BSF, CISF, ITBP, SSB, NSG आदि) के लगभग 90 सवारों से सुसज्जित यह रैली आगे चलकर एकता नगर (गुजरात) में आयोजित होने वाली ‘एकता परेड-2026’ में शामिल होगी।
गौरतलब है कि 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स में चीनी सेना के घात लगाकर किए गए हमले में सर्वोच्च बलिदान देने वाले 10 पुलिस जवानों की याद में यह दिवस हर साल मनाया जाता है। जवानों के त्याग और वीरता के प्रतीक इस राष्ट्रीय स्मारक में 30 फीट ऊंचा ग्रेनाइट स्तंभ, शहीदों के नामों से सुसज्जित ‘शौर्य की दीवार’ और एक ऐतिहासिक संग्रहालय मौजूद है, जहां हर सप्ताहांत केंद्रीय बलों द्वारा बैंड और रिट्रीट समारोह भी आयोजित किया जाता है।