गृह मंत्रालय करेगा जवाब तलब
New Delhi
नई दिल्ली (16 अक्तूबर 2026) पंजाब में बढ़ते नशे, गैंगस्टरवाद और संगठित अपराध के खतरे पर केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा है कि राज्य सरकार जनता को सुरक्षा देने में विफल साबित हो रही है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जारी अपने बयान में उन्होंने दिरबा में एक पीड़ित पिता द्वारा जहर खाने और मानसा में नशा विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की दिनदहाड़े हत्या की घटनाओं का हवाला देते हुए पंजाब सरकार की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए।
गृह मंत्री ने कहा कि परविंदर के पिता ने राज्य सरकार और एक स्थानीय विधायक पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जिसके मद्देनजर केंद्रीय गृह मंत्रालय इन दोनों घटनाओं पर पंजाब सरकार से औपचारिक जवाब मांगेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता को विज्ञापनों और घोषणाओं के बजाय ठोस परिणामों की आवश्यकता है। गृह मंत्री ने स्पष्ट किया कि केंद्र का लक्ष्य पंजाब में नशे के नेटवर्क को नेस्तनाबूद करना, युवाओं के भविष्य की रक्षा करना और अपराधियों को मिलने वाले राजनीतिक संरक्षण की निष्पक्ष जांच कराना है, ताकि राज्य का हर नागरिक भयमुक्त जीवन जी सके।