Breaking News

महाराष्ट्र बाढ़ में बह गए 3000 LPG गैस सिलेंडर! प्रशासन ने कहा- इन्हें हाथ भी मत लगाना| Maharashtra Rain Alert

Maharashtra Rain Alert: महाराष्ट्र में लगातार हो रही भारी बारिश ने कई इलाकों में मुश्किलें बढ़ा दी हैं। राज्य के कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। इसी बीच रायगढ़ जिले से एक चिंताजनक घटना सामने आई है, जहां भारी बारिश के कारण एक LPG बॉटलिंग प्लांट में पानी घुस गया और करीब 3000 गैस सिलेंडर पानी के तेज बहाव में बह गए। प्रशासन ने लोगों को इन सिलेंडरों को उठाने या घर ले जाने से साफ मना किया है, क्योंकि इससे बड़ा हादसा हो सकता है।

जानकारी के मुताबिक, यह घटना रायगढ़ जिले के पनवेल तालुका स्थित MIDC छावने इलाके में हुई। यहां स्थित HPCL के LPG बॉटलिंग प्लांट में पातालगंगा नदी का पानी घुस गया। तेज बहाव के कारण प्लांट में रखे खाली और भरे हुए दोनों तरह के सिलेंडर बह गए। फिलहाल अधिकारी नुकसान का आकलन करने में जुटे हैं और पानी में बहे सिलेंडरों को खोजने का काम भी जारी है।

प्रशासन ने जारी की चेतावनी, सिलेंडर उठाना खतरनाक| Maharashtra Rain Alert

रायगढ़ के कलेक्टर किशन जवाले ने लोगों से अपील की है कि वे पानी में मिले किसी भी LPG सिलेंडर को अपने घर न ले जाएं। उन्होंने कहा कि यह पता नहीं लगाया जा सकता कि बहकर आए सिलेंडर सुरक्षित स्थिति में हैं या नहीं। कलेक्टर ने लोगों को चेतावनी देते हुए कहा कि सिलेंडर को उठाना, खोलना या इस्तेमाल करने की कोशिश करना बेहद खतरनाक साबित हो सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अगर किसी को नदी या आसपास के इलाकों में ऐसे सिलेंडर दिखाई देते हैं तो वह तुरंत प्रशासन को इसकी जानकारी दें।

महाराष्ट्र के कई हिस्सों में बारिश से हालात खराब

महाराष्ट्र के कई जिलों में लगातार बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। नदियों का जलस्तर बढ़ गया है, कई जगह जलभराव की स्थिति बन गई है और कुछ इलाकों में भूस्खलन की घटनाएं भी सामने आई हैं। नासिक जिले में लगातार बारिश के कारण गोदावरी नदी उफान पर है। प्रशासन ने गोदावरी, कड़वा और गिरणा नदियों के किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। बांधों से पानी छोड़े जाने की संभावना को देखते हुए लोगों से अपने जरूरी सामान, पशुधन और कीमती वस्तुओं को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की अपील की गई है।

पुणे में कचरे का पहाड़ गिरने से इमारत ढही

बारिश का असर पुणे जिले में भी देखने को मिला। पिंपरी-चिंचवड़ के मोशी इलाके में कचरे का बड़ा ढेर तीन मंजिला इमारत पर गिर गया, जिससे इमारत क्षतिग्रस्त होकर ढह गई। अधिकारियों के मुताबिक, इस इमारत में नगर निगम के कचरा प्रसंस्करण का काम करने वाली निजी कंपनी का प्रशासनिक कार्यालय था। हादसे के बाद करीब 11 लोगों के फंसे होने की आशंका जताई गई। वहीं रायगढ़ जिले में उल्हास नदी का पानी रेलवे ट्रैक तक पहुंच गया, जिसके चलते नेरल और कर्जत रेलवे स्टेशनों के बीच रेल सेवा करीब एक घंटे तक प्रभावित रही।

मुंबई में फ्लाइट और लोकल ट्रेन सेवाएं प्रभावित

खराब मौसम और कम दृश्यता के कारण मुंबई आने वाली नौ उड़ानों को नजदीकी हवाई अड्डों की ओर डायवर्ट करना पड़ा। हालांकि बाद में सभी विमान सुरक्षित तरीके से मुंबई एयरपोर्ट पर उतर गए। मुंबई में भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण लोकल ट्रेन सेवाएं भी प्रभावित हुईं। कई रूटों पर ट्रेनें 25 से 30 मिनट की देरी से चलीं। शहर के कई इलाकों में जलभराव की समस्या भी देखने को मिली।

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, मुंबई को पानी सप्लाई करने वाली सात प्रमुख झीलों में शामिल तुलसी झील मंगलवार देर रात पूरी तरह भर गई और उसका पानी बहने लगा। इससे पहले विहार झील भी ओवरफ्लो हो चुकी थी। मौसम विभाग ने मुंबई और आसपास के इलाकों में आने वाले दिनों में रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने का अनुमान जताया है। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और लोगों से सतर्क रहने की अपील कर रहा है।

और पढ़ें: 10 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य: मेगा वृक्षारोपण अभियान-2026 की तैयारियां

और पढ़ें: जीडीए का वृक्षारोपण अभियान: मधुबन बापूधाम योजना में पौधे लगाए

About The Author

Related posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *